सोमवार, 2 जुलाई 2018

विधानसभा सम्मेलनों से जीत का मार्ग प्रशस्त होगा: तोमर

 केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पास श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं की फौज है. चुनावी दृष्टि से विधानसभावार सम्मेलनों से बूथ की टीम सक्रिय होगी और एक नई लीडरशिप खड़ी होगी, जिसके माध्यम से मिशन 200 पार में पार्टी को ऐतिहासिक सफलता प्राप्त होगी. साथ ही जनआशीर्वाद यात्रा की सफलता में विधानसभावार सम्मेलन की महत्वपूर्ण भूमिका होगी. यह बात श्री तोमर ने प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में विधानसभा सम्मेलन 2018 समिति के संभाग, प्रभारी एवं सह प्रभारियों की बैठक में कही.
उन्होंने कहा कि विधानसभा सम्मेलनों की सफलता के लिए यह जरूरी है कि अपेक्षित व्यक्ति की भागीदारी हो. हमारा सूचना तंत्र जितना बेहतर होगा, उसके परिणाम भी उतने सार्थक होंगे. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में जितने काम किए है जो किसी देश में किसी भी राज्य सरकार ने नहीं किए. केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बीते 4 वर्षों में हर मोर्चा पर अभूतपूर्व निर्णय और ऐतिहासिक काम किए है. हमारे पास केन्द्र एवं प्रदेश में सक्षम नेतृत्व और अपार उपलब्धियां है. विधानसभा सम्मेलनों में इन उपलब्धियों पर चर्चा हो. साथ ही देश और प्रदेश में कांग्रेस के 10 वर्षों के कार्यकाल पर भी चर्चा हो. ताकि जनता जाने कि किस दल की सरकार ने उनके लिए काम किया है. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सम्मेलनों में राष्ट्रीय प्ररिप्रेक्ष्य में हमारी भूमिका, राज्य सरकार में हमारी भूमिका एवं लोकप्रिय उपलब्धियों पर चर्चा हो. 
उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता उत्साह और विश्वास के साथ लबरेज होकर निकले एवं सरकार ने जो काम किए है उन्हें पूरी ताकत के साथ रखे. 
समिति के संयोजक विष्णुदत्त शर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जुलाई के प्रथम सप्ताह से विधानसभावार सम्मेलन प्रारंभ होकर 25 सितंबर के पूर्व संपन्न होंगे. सम्मेलनों में केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा होगी. साथ ही विधानसभावार विशेष विषयों पर कार्यकर्ता विचार विमर्श करेंगे. उन्होंने बताया कि सम्मेलनों में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह एवं केन्द्रीय मंत्री, राज्य सरकार के मंत्रीगण एवं पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी भी मार्गदर्शन करने के लिए पहुंचेगे. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें