हम गर्व के साथ कहते हैं कि कार्यकतार्ओं के दम पर मध्यप्रदेश में चौथी वार शिवराज सिंह सरकार बनेगी. चाहे केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार हो और चाहे मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह के नेतृत्व वाली सरकार, दोनों ने ही समाज के प्रत्येक व्यक्ति के लिए भरपूर काम किए हैं. सबका साथ सबका विकास के पथ पर चलते हुए आज हमारी झोली उपलब्धियों से भरी हुई है.
यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने सोमवार को अशोक नगर के स्वामी गार्डन में जिले के भाजपा कार्यकर्ता को संबोधित करते हुए कही. सिंह ने कार्यक्रम से पूर्व मंच पर पार्टी के संस्थापक पं.दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर दीप प्रज्जलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की.
उन्होंने कहा कि जिले की तीनों विधानसभाओं और लोकसभा सीट जीतने के उद्देश्य से यहां उनकी यह पहली बैठक है. आगामी चुनावों को देखते हुए पूरे प्रदेश के प्रत्येक जिले में इस तरह के उनके प्रवास के दौरान कार्यकर्ताओं से संवाद किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि हमें गर्व होता है और सौभाग्यशाली हैं कि हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं. अटल बिहारी वाजपेई से लेकर लालकृष्ण आडवाणी अमित शाह एवं मोदी जी भी इसी प्रकार गर्व के साथ कहते हैं कि वह भाजपा के कार्यकर्ता हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी में दायित्व एक प्रक्रिया है, दायित्व बदलते रहते हैं, मुझ जैसे सामान्य कार्यकर्ता को जो दायित्व दिया गया है में भी उसी को निभा रहा हूं. जनसंघ से लेकर आज तक हम कार्यकर्ता इस तरह के दायित्व निभाते आ रहे हैं, इस बीच हमने कई पड़ाव देखे हैं. उन्होंने कहा कि न जाने कितने लोगों के संघर्ष के बूते पर पार्टी आज देश में इस स्तर तक पहुंची है. उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता का सपना था कि भाजपा का कोई कार्यकर्ता लाल किले से तिरंगा फहराए. कार्यकर्ता इस तरह के कामों के लिए तरह-तरह के संकल्प लेते हैं, इन्हीं संकल्पों से अटल जी ने लाल किले पर तिरंगा फहराया था. सिंह ने कहा कि देश में अगर कार्यकर्ताओं की चिंता करने वाला कोई दल है तो वह भाजपा है.
सिंह ने कहा कि मुंबई के अधिवेशन में अटल ने कहा था कि अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा. यह सपना आज हमारा पूरा हो रहा है. इस सपने का साकार रूप देखने के लिए हमारे कार्यकतार्ओं के समर्पण त्याग और बलिदान की लंबी कहानी है, इतिहास ऐसे ही नहीं बदलते. उन्होंने कहा कि यह स्व. राजमाता के प्रभाव का क्षेत्र है, उन्होंने पार्टी को खड़ा करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई पार्टी को हर प्रकार से संबल और सहयोग दिया.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें