विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश के तीसरे बड़े राजनीतिक दल बहुजन समाज पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नर्मदा प्रसाद अहिरवार के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज हुआ है. महिला का आरोप है कि अहिरवार ने उसके साथ पार्टी के प्रदेश कार्यालय में ही छेड़छाड़ की, साथ ही मुंह खोलने जान से मारने की धमकी दी.
पुलिस में शिकायत करने वाली महिला बसपा की पुरानी कार्यकर्ता है. मूल रूप से सीहोर के 163 हाउसिंग बोर्ड कालोनी की रहने वाली है, वर्तमान में भोपाल के पंचशील नगर में किराए के मकान में रहती है. महिला ने भोपाल पुलिस को 19 जून के बाद तीन आवेदन दिए. पिछले सप्ताह टीटी नगर थाना पुलिस को जो आवेदन दिया था, उसकी जांच के बाद पुलिस ने नर्मदा प्रसाद अहिरवार एवं अन्य के खिलाफ धारा 354, 506 एवं सायबर अपराध का मामला दर्ज किया है.
महिला का आरोप है कि नर्मदा प्रसाद अहिरवार पद देने के नाम पर 74 बंगला स्थित पार्टी कार्यालय डी-15 बुलाता था, जहां उसने छेडछाड़ की. पुलिस में शिकायत दर्ज करने के बाद अहिरवार के करीबी महेश कुशवाह निवासी मुरैना ने उसे अश्लील फोटो भेजे. महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि लोकलाज के डर से उसने शिकायत नहीं की, लेकिन जान से मारने की धमकी मिलने एवं प्रताड़ित करने पर वह पुलिस में गई. केस दर्ज होने के बाद अहिरवार के बयान दर्ज हो चुके हैं, उसने पुलिस को बताया कि शिकायतकर्ता मेरी बेटी जैसी है, पद नहीं मिलने की वजह से वह झूठे आरोप लगा रही है. महिला ने शिकायत में बताया कि घटना को लेकर बसपा नेता राजाराम को बताया तो उन्होंने मदद करने की बजाए कहा कि पार्टी में रहना है तो ये सब करना पड़ता है, नहीं तो फिर तुम्हें जो अच्छा लगे वैसा करो.
पहले भी उत्पात मचा चुकी है शिकायतकर्ता
बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद अहिरवार का कहना है कि मैंने थाने में बयान दे दिया है. वह पार्टी में पद मांग रही थी. 4 जून को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव की मौजूदगी में साढ़े तीन हजार कार्यकर्ताओं के बीच वह उत्पात मचा चुकी है. सारे आरोप झूठे हैं. उसे 11 जून को पार्टी से निकाला जा चुका है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें