मंगलवार, 3 जुलाई 2018

किसान, कर्मचारी, महिला विरोधी है भाजपा सरकार

आलोक अग्रवाल 
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक अग्रवाल ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि प्रदेश की शिवराज सरकार किसान, कर्मचारी, व्यापारी, युवा और महिला विरोधी है.
 उन्होंने कहा कि होशंगाबाद जिले के पिपरिया में 40 वर्षीय किसान ब्रिज मोहन पटेल ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है. वे पिछले साल की मूंग फसल का दाम नहीं मिलने के कारण परेशान थे. ब्रिज मोहन पटेल की आत्महत्या प्रदेश सरकार के लिए महज एक आंकड़ा होगी, लेकिन यह एक पूरे परिवार के जीवन को अंधकार में धकेलने वाली है. अगर शिवराज सिंह चौहान में जरा सी भी संवेदनशीलता है, तो उन्हें तत्काल पीड़ित परिवार की मदद करनी चाहिए. उन्होंने मांग की है कि पीड़ित परिवार को कर्ज माफी के साथ 1 करोड़ रुपए की सहायता दी जानी चाहिए. साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई भी वर्ग खुश नहीं है. आज कर्मचारी अपनी मांगों के लिए लगातार सड़कों पर हैं. आज ही व्यापारियों को भी भोपाल में पैदल मार्च निकालने पर मजबूर होना पड़ा है. युवा वर्ग बेरोजगारी और शिक्षा के बुरे हालात के कारण परेशान है, तो मंदसौर से लेकर ग्वालियर तक महिला अत्याचार की घटनाएं प्रदेश की भयावह स्थिति की ओर इशारा करती हैं. अग्रवाल ने कहा कि यह हालात बताते हैं कि पिछले 14 साल में भाजपा की प्रदेश सरकार ने किसानों, कर्मचारियों, व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं आदि के लिए कोई योजना नहीं बनाई है। शिवराज सिंह और उनके मंत्रिमंडल के साथी महज लूट और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देते रहे हैं. 
प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी होगी 6 को
उन्होंने आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों की दूसरी सूची के बारे में कहा कि 6 जुलाई को आम आदमी पार्टी के विधानसभा प्रत्याशियों की दूसरी सूची ग्वालियर में पार्टी के प्रदेश प्रभारी और दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय की मौजूदगी में जारी की जाएगी. उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी सभी वर्गों की राजनीतिक हिस्सेदारी में यकीन रखती है और प्रत्याशी चयन में भी इस बात का ख्याल रखा जाएगा कि समाज के सभी वर्गों को हिस्सेदारी मिले. इनमें युवा, महिला, कर्मचारी, किसान आदि वर्गों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिया जाएगा.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें