रविवार, 1 जुलाई 2018

आप ने किया प्रदर्शन, सरकार को बर्खाश्त करने की मांग की


आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक अग्रवाल के नेतृत्व में रविवार को आप कार्यकर्ताओं ने रोशनपुरा चौराहे पर मंदसौर बलात्कार कांड  के विरोध में प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के बाद राजभवन की ओर जा रहे आप कार्यकर्ताओं की पुलिस से  झड़प भी हुई. इस दौरान कुछ  कार्यकर्ताओं को चोटें भी आई. इसके बाद आप कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश सरकार को बर्खास्त करते हुए राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की. 
प्रदर्शन के दौरान आप कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही. इसके बाद पार्टी ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन दिया जिसमें प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था के मद्देनजर राज्य सरकार को तत्काल बर्खाश्त कर राष्ट्रपति शासन लगाने और मंदसौर की घटना में दोषी स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई. 
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए आप के प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश की राजधानी से लेकर सुदूर कस्बों तक महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं. लोगों के नागरिक अधिकारों को कुचला जा रहा है और अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार नागरिकों को शांतिपूर्ण जीवन देने में नाकाम रही है इसलिए इसे तत्काल बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाया जाना चाहिए. साथ ही उन्होंने कहा कि मंदसौर की घटना में स्कूल प्रबंधन की लापरवाही भी साफ नजर आती है. प्रशासन को चाहिए कि तत्काल जांच कराए और दोषी स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करे. यह बेहद चिंताजनक है कि एक बच्ची स्कूल से किसी भी अजनबी के साथ चली जाती है, और स्कूल प्रबंधन इस संबंध में कोई निगरानी नहीं करता है. 
इस मौके पर पार्टी की राज्य पीएसी सदस्य और वरिष्ठ नेता चित्तरूपा पालित ने कहा कि आज प्रदेश में महिला हिंसा देश में सबसे अधिक है. महिलाओं के अत्याचार के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और प्रदेश सरकार मौन धारण किए हुए है. आज हर तरफ अराजक स्थिति है. माताओं बहनों का सड़कों पर निकलना दूभर हो गया है. उन्होंने कहा कि इस सरकार को अब शासन में बने रहने का कोई हक नहीं है. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें