शुक्रवार, 6 जुलाई 2018

मोदी, शिवराज पर बरसे तोगड़िया


अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने एक बार फिर केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार और मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार को किसान विरोधी सरकार बताया. उन्होंने कहा कि अगर किसानों को उनका अधिकार नहीं मिला तो किसान अपना अधिकार तो लेगा ही,साथ ही सत्ता भी छीन लेगा.
राजधानी प्रवास पर आए तोगड़िया ने आज राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के शिवकुमार शर्मा कक्काजी के साथ किसानों की समस्याओं को लेकर आगामी कार्यक्रम की रुपरेखा तैयार की और मीडिया से इसे साझा भी किया. पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ  द्वारा 26 जुलाई से एक यात्रा निकाली जा रही है. यह यात्रा राष्ट्रीय स्तर की होगी. यात्रा का शुभारंभ कश्मीर से किया जाएगा और समापन कन्याकुमारी में होगा. तोगड़िया ने बताया कि  राष्ट्रीय किसान महासंघ देश के किसान संगठनों का अधिवेशन राजधानी भोपाल में होगा. इस अधिवेशन में किसानों की समस्याओं पर चर्चा की जाएगी और चार प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे.  चारों प्रस्ताव किसानों की मांगों का पर केन्द्रित होंगे, जो अधिवेशन में पारित किए जाएंगे. तोगड़िया ने बताया कि हम किसानों की इन मांगों को लेकर लंबे समय से प्रयास कर रहे हैं और आंदोलन भी किए जा रहे हैं, मगर अब तक मांगे पूरी नहीं हुई है.
तोगड़िया ने केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार और प्रदेश की शिवराज सरकार को किसान विरोधी सरकार बताया. उन्होंने कहा कि अगर सरकारें किसानों को उनका अधिकार नहीं देती है तो किसान अपना अधिकार तो लेगा ही, साथ ही सत्ता भी छीन लेगा. उन्होंने कहा कि सरकारें किसानों के नाम पर वाहवाही लूट रही हैं. मंत्री प्रदेश-प्रदेश जाकर यह बता रहे हैं कि केन्द्र सरकार ने क्या किया, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें