कहीं तेज बारिश हुई तो कहीं बूंदा-बांदी होती रहीराजधानी में शुक्रवार की सुबह तेज धूप ने लोगों को गर्मी से परेशान कर दिया. बाद में दोपहर को आसमान पर बादल छाए और तेज बारिश हुई. बारिश के बाद मौसम में ठंडक आई जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली. राज्य के कई जिलों में कहीं पर आज तेज बारिश हुई तो कहीं पर बूंदा-बांदी होती रही.
राजधानी में गुरुवार से शुरु हुआ बारिश का दौर आज शुक्रवार को भी जारी रहा. हालांकि सुबह से दोपहर तक तेज धूप ने लोगों को परेशान किया. तेज धूप के कारण लोग गर्मी से परेशान होते रहे. हालांकि दोपहर को फिर आसमान पर बादल छाए और बारिश होने लगी. दोपहर को करीब आधा घंटे से ज्यादा समय तक हुई जमकर बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई. इसके बाद मौसम ठंडा हो जाने से लोगों को गर्मी से राहत मिली. दोपहर को आसमान पर छाए बादलों के कारण अंधेरा भी हो गया था. हालांकि बारिश बंद होने के बाद अंधेरा भी छटा. राजधानी के अलावा मध्यप्रदेश के कई जिलों में आज भी बारिश होती रही. कहीं पर तेज बारिश हुई तो कहीं पर बूंदा-बांदी हुई. मौसम विभाग के अनुसार बारिश का यह क्रम अब जारी रहेगा. राजधानी में आगामी 48 घंटों तक इसी तरह का मौसम रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में दो सिस्टम बने हैं. ऐसे में राजधानी में शनिवार से ज्यादा बारिश की संभावना है. राज्य के राजगढ़, विदिशा, सीहोर, रायसेन, होशंगाबाद और अशोकनगर में भी तेज बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है.
19 जिलों में सामान्य वर्षा
मध्यप्रदेश में इस वर्ष मानसून में एक जून से 5 जुलाई तक 12 जिलों में सामान्य से 20 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है. प्रदेश के 19 जिलों में सामान्य वर्षा दर्ज हुई है. कम वर्षा वाले जिलों की संख्या 18 और अल्प वर्षा वाले दो जिले हैं. सामान्य से अधिक वर्षा जिले छिंदवाड़ा, शहडोल, उमरिया, इंदौर, बड़वानी, उज्जैन, मंदसौर, नीमच, रतलाम, मुरैना, श्योपुर कलां और सीहोर है. सामान्य वर्षा वाले जिले सिवनी, मण्डला, नरसिंहपुर, धार, झाबुआ, खरगोन, खण्डवा, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, भिण्ड, ग्वालियर, गुना, भोपाल, रायसेन, विदिशा, राजगढ़, हरदा और बैतूल हैं. कम वर्षा वाले जिले जबलपुर, बालाघाट, सागर, दमोह, डिंडोरी, टीकमगढ़, छतरपुर, रीवा, सिंगरौली, सीधी, सतना, अनूपपुर, अलीराजपुर, बुरहानपुर, शिवपुरी, अशोकनगर, दतिया और होशंगाबाद तथा अल्प वर्षा वाले जिले कटनी और पन्ना हैं.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें