राजधानी के टीटी नगर थाना क्षेत्र में एक शराब कारोबारी से 12 लाख रुपए की लूट का मामला सामने आया है. व्यापारी दुकानों का कलेक्शन लेकर घर लौट रहा था, उस वक्त यह वारदात हुई.
टीटी नगर पुलिस के अनुसार बीती रात को शराब कारोबारी अर्जुन सिंह अपनी तीन दुकानों का कलेक्शन लेकर वापस घर लौट रहा था, तभी मालवीय नगर में दो बदमाशों ने उन्हें रोका और कार की अगली सीट पर रखे बैग को लेकर भाग गए. व्यापारी कुछ समझ पाता इतने में बदमाश काफी दूर जा चुके थे. बाद में व्यापारी ने थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस के अनुसार व्यापारी के बैग में 12 लाख रुपए थे. पुलिस सीसीटीवी कैमरे के सहारे आरोपियों की तलाश कर रही है.
पुलिस के अनुसार बदमाश ने कट्टा अड़ाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया है. पुलिस ने बदमाश को पकड़वाने वाले पर 20 हजार रुपए के इनाम की भी घोषणा की है. व्यापारी ने पुलिस को बताया कि बदमाश बाइक पर सवार होकर आए थे.
शादी का झांसा देकर किया बलात्कार
राजधानी के छोला मंदिर थाना क्षेत्र में एक जनरल स्टोर संचालक यश नामक युवक ने किशोरी से शादी करने का वादा किया. इसके बाद दोनों की कई बार मुलाकात हुई. यश ने एक दिन किशोरी को अपने निवास पर बुलाया, इस दौरान उसके परिजन घर पर नहीं थे. यश ने किशोरी के साथ शारीरिक संबंध बनाए. इसके कुछ दिन बाद किशोरी ने शादी के लिए यश पर दबाव बनाया तो उसने मना कर दिया. इस पर किशोरी ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी. बाद में थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई.
गांजा तस्कर गिरफ्तार
निशातपुरा थाना पुलिस के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दो गांजा तस्करों को संजीव नगर पुलिया के पास से हिरासत में लिया गया. तस्करों की पहचान जैकी उर्फ जगदीश और मोहम्मद तोसिफ के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों के कब्जे से करीब 6 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है. बरामद किए गए सामान की कीमत 60 हजार रुपए आंकी गई है. पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर पूछताछ जारी रखी है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें