बुधवार, 8 अगस्त 2018

प्रस्तावित भारत बंद को लेकर प्रशासन हुआ सतर्क

 लगाई धारा 144, इंटरनेट सुविधा भी हो जाएगी बंद
दलित वर्ग द्वारा कथित रुप से 9 अगस्त को भारत बंद कराए जाने की खबरों को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है. खासकर ग्वालियर और चंबल अंचल में प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरु कर दी है. इन अंचलों के जिलों में धारा 144 लागू कर दी है, जो 13 अगस्त तक जारी रहेगी. वहीं माहौल को देखते हुए इंटरनेट सेवा को भी बंद करने का फैसला लिया है.
मध्यप्रदेश में 2 अप्रैल भारत बंद के दौरान हुई हिंसा के बाद अब 9 अगस्त को दलित वर्ग द्वारा फिर भारत बंद के आह्वान किए जाने को लेकर सरकार अलर्ट पर है. प्रशासन ने पूरे प्रदेश में सख्त नजर रखने के निर्देश दिए हैं. वहीं ग्वालियर और चंबल अंचल के जिलों में ज्यादा सख्ती दिखाई जा रही है. इन अंचलों में जिला प्रशासन ने 6 अगस्त की रात से ही धारा 144 लाग दी है, जो 13 अगस्त तक जारी रहेगी. दौरान  सार्वजनिक स्थल पर पाच या पांच से अधिक व्यक्ति एकत्रित नहीं हो सकेंगे. साथ ही जिले की सीमा में धरना, प्रदर्शन, जुलूस, नारेबाजी व भीड़ का जमाव प्रतिबंधित रहेगा. आग्नेय शस्त्र, धारदार हथियार एवं अन्य प्रकार के विस्फोटक आयुध इत्यादि और बोथरे हथियार मसलन लाठी, डंडा, सरिया, फावड़ा, गैंती, बल्ला, हाकी इत्यादि के प्रदर्शन, प्रयोग और इन्हें लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा. सोशल मीडिया मसलन फेसबुक, वाट्सएप व ट्विटर इत्यादि पर वर्ग, धर्म, संप्रदाय, विद्वेष संबंधी भडकाऊ पोस्ट नहीं की जा सकेंगीं. न ही ऐसी पोस्ट सोशल मीडिया पर फारवर्ड की जा सकेंगीं. 
सभी जिलों के कलेक्टरों को यह निर्देश दिए गए हैं कि कल 9 अगस्त को किसी भी कर्मचारी को अवकाश की स्वीकृति न दी जाए. ग्वालियर और चंबल रेंज के अधिकारियों से राजधानी में उच्च स्तर के अधिकारी लगातार संपर्क बनाए हुए हैं और कथित बंद को लेकर जानकारी ले रहे हैं. प्रशासन को सख्त निर्देश दिए गए हंै कि उन लोगों पर नजर रखी जाए, जिन पर हिंसा भड़काने की आशंका हो.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें