शुक्रवार, 1 दिसंबर 2023

मतगणना के नियमों का अध्ययन कर गंभीरता से पालन करें

निर्वाचन पदाधिकारी ने जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को दिए निर्देश


भोपाल। निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने मतगणना की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा दिए निर्देश का अध्ययन करें और गंभीरता के साथ नियमों को पालन करें। राजनीतिक दलों को भी मतगणना की प्रक्रिया से अवगत कराएं। 

निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने मतगणना की तैयारी संबंधी समीक्षा बैठक में कहा कि सभी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मतगणना को लेकर आयोग द्वारा दिए गए निर्देश का अध्ययन कर लें और गंभीरता के साथ नियमों का पालन करें। राजनीतिक दलों को भी मतगणना की प्रक्रिया के बारे में अवगत कराएं। साथ ही ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम पुख्ता रहे। राजन ने पूरी पारदर्शिता के साथ मतगणना की प्रक्रिया को पूर्ण कराने के निर्देश दिए। राजन ने कहा कि सभी 52 जिलों के मतगणना केंद्रों पर सुबह 8 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी। सबसे पहले डाक मतों की गिनती शुरू होगी। इसके आधे घंटे बाद प्रातः 8.30 बजे से ईवीएम में दर्ज मतों की गणना प्रारंभ होगी। पोस्टल बैलेट की गणना शुरू होने से पहले अधिकृत एजेंट, उम्मीदवार को पोस्टल बैलेट के काउंटिंग प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही पोस्टल बैलेट की गणना समाप्त होने के बाद प्रत्येक उम्मीदवार को मिले डाक मत पत्रों की घोषणा की जाएगी। राजन ने कहा कि मतगणना के दौरान बिजली की व्यवस्था सुचारू रूप से रहे यह सुनिश्चित कर लिया जाए। डाक मत पत्रों की गणना के लिये लगाए गये प्रत्येक टेबल पर एक एआरओ की उपस्थिति होगी।

एजेंटों को रंगीन आई कार्ड जारी करें

आगामी 3 दिसंबर को होने वाली मतगणना को लेकर श्री राजन ने स्ट्रांग रूम से आने वाली ईवीएम मशीनों की क्रासिंग न होने, एजेंटों को रंगीन आई कार्ड जारी करने, एजेंटों की बैठक व्यवस्था करने और ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्ट्रांग रूम के बाहर लगाई गई स्क्रीन हर समय चालू रहने के निर्देश दिए।

मतगणना हॉल में मोबाइल फोन रहेगा प्रतिबंधित

राजन ने कहा कि मतगणना केन्द्र पर पासधारक ही प्रवेश कर सकेंगे। किसी भी अनाधिकृत और अवांछित व्यक्ति को मतगणना स्थल पर प्रवेश नहीं मिलेगा। मतगणना केन्द्र में मोबाइल और केलकुलेटर ले जाना प्रतिबंधित रहेगा, सिर्फ मतगणना कराने में तैनात मतगणनाकर्मी ही केलकुलेटर का उपयोग कर सकेंगे।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें