शनिवार, 2 दिसंबर 2023

मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव में ताकत दिखाएगी सपा


भोपाल के बाद खजुराहो में पार्टी कार्यालय के लिए खरीदी जमीन

भोपाल।  विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के पहले समाजवादी पार्टी ने मध्यप्रदेश में अपने संगठन को मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। सपा ने खजुराहो में पार्टी कार्यालय खोलने के लिए जमीन खरीदी है। साथ ही विंध्य में भी इसी तरह कार्यालय बनाने के लिए जमीन तलाशी जा रही है। अखिलेश यादव लोकसभा चुनाव के पहले पार्टी के प्रभाव वाले बुंदेलखंड और ग्वालियर-चंबल अंचल को मजबूत करना चाहते हैं। वे इस बार प्रदेश में लोकसभा चुनाव मजबूती के साथ लड़ने की तैयारी कर चुके हैं। 

विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर उपजे विवाद के बाद अब सपा प्रमुख की नजरें मध्यप्रदेश में अपने संगठन को मजबूत करने के लिए टिकी हुई है। अखिलेश यादव लोकसभा चुनाव के पहले संगठन को मजबूत करने की तैयारी में जुट गए हैं। उन्होंने पार्टी कार्यालय बुंदेलखंड के खजुराहो में बनाने का फैसला किया और यहां पर जमीन खरीदकर रजिस्टी कराई है। बताया जाता है कि खजुराहो के बाद विंध्य के सतना या फिर रीवा में भी पार्टी कार्यालय खोलने की तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है कि सपा इस बार बुंदेलखंड, ग्वालियर-चंबल और विंध्य की छह सीटों टीकमगढ़, खजुराहो, रीवा, सतना, भिंड और मुरैना में चुनाव लड़ना चाहती है। इसकी तैयारियों में सपा जुट गई है। 

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव में सपा की जब कांग्रेस के साथ बातचीत नहीं जमीन तो अखिलेश यादव ने नाराजगी भी जताई थी। इसके बाद उन्होंने अपने दम पर प्रदेश में पार्टी के प्रत्याशी भी मैदान में उतारे थे। साथ ही प्रत्याशियों के पक्ष में सभाएं कर कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। इसके बाद अब सपा ने प्रदेश में एक बार फिर संगठन को मजबूत करने का फैसला किया है। इसी फैसले के तहत अब सपा प्रमुख प्रदेश में खासकर जहां पर सपा का प्रभाव है, वहां पर पार्टी कार्यालय खोलने की तैयारी कर रही है। 

लोकसभा में दिखेगी ताकत

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता यश भारतीय ने बताया कि पार्टी ने राजधानी भोपाल में पहले ही मुख्यालय बनाने के लिए जमीन खरीदी है। इसके बाद अब खजुराहो में कार्यालय बनाने के लिए जमीन खरीदी है। पार्टी जल्द ही प्रदेश में संगठन को मजबूत करने और पार्टी का विस्तार करने का काम करेगी। उन्होंने बताया कि विंध्य, बुंदेलखंड और ग्वालियर चंबल अंचल में पार्टी के प्रभाव को देखते हुए खजुराहो में कार्यालय खोलने का फैसला संगठन ने लिया है। लोकसभा का चुनाव पार्टी पूरी ताकत के साथ मध्यप्रदेश में लड़ेगी। जल्द ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव यहां शिलान्यास के लिए आएंगे। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें