बुधवार, 4 जुलाई 2018

फर्जी हस्ताक्षर कर ले लिया 7 लाख का लोन


राजधानी के महाराणा प्रताप नगर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी बैंक से धोखाधड़ी करके लोन लिए जाने का मामला सामने आया है. धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ संबंधित महाराणा प्रताप नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है.
महाराणा प्रताप  नगर थाना पुलिस के अनुसार श्रीराम लोखंडे पिता बाबूराव लोखंडे की शिकायत पर शंकर लोखंडे और हरिबाबू के खिलाफ धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया गया है.  पुलिस का कहना है कि 7 जून को दोनों आरोपियों ने  श्रीराम लोखंडे के भाई सुखदेव लोखंडे के फर्जी हस्ताक्षर करके आईसीआईसीआई बैंक महाराणा प्रताप नगर जोन टू से 7 लाख 14 हजार रुपए का लोन पास कराया था. लोन की किश्त आने के बाद श्रीराम को इस धोखाधड़ी के बारे में पता लगा, इसके बाद उन्होंने आईसीआईसीआई बैंक से संपर्क कर अपने साथ हुई धोखाधड़ी की पूरी जानकारी प्राप्त की. इसके बाद शिकायत की. पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज करने के बाद से विवेचना शुरू की जा चुकी है. विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा.
नाबालिग का अपहरण
बजरिया थाना पुलिस के अनुसार मकान नंबर 383 विजय नगर निवासी सुदामा मालवीय पति रामस्वरूप मालवीय की पुत्री शिवानी मालवीय लापता है. शिवानी के अचानक घर से लापता हो जाने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश आसपास के इलाकों में की, लेकिन पता नहीं लग पाया. बाद में परिजनों ने थाने पहुंचकर शिवानी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस का कहना है कि चूंकि लापता हुई शिवानी नाबालिग है, इसलिए अपहरण की धारा के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है.
दुकान का ताला तोड़कर चुरा ले गए नगदी, लेपटाप
 राजधानी के कोलार थाना क्षेत्र में राजदीप कालोनी निवासी अनुराग सोनी पिता दामोदर सोनी की एमपी आलनाइन व स्टेशनरी की दुकान राजदेव कालोनी में है. वे रात करीब 10 बजे अनुराग दुकान पर ताला लगाकर घर चला गया था.  सुबह जब वह दुकान आए तो देखा कि दुकान का ताला टूटा है. अंदर जाकर देखा तो दुकान के ड्राज में रखे 70 हजार नगदी व लेपटाप गायब हैं. चुराए गए माल की कुल कीमत 90 हजार रुपए आंकी गई है. इसके बाद अनुराग ने कोलार थाने पहुंचकर अपनी रिपोर्ट दर्ज कराई.  पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अनुराग की शिकायत पर आज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें