भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य सरकार बनाकर सत्ता सुख भोगना नहीं है बल्कि पंडित दीनदयाल उपाध्यक्ष का अंत्योदय का सपना पूरा करना है जिसमें पंक्ति के अंतिम व्यक्ति को विकास का लाभ मिले. सेवा का संकल्प लेकर ही पार्टी काम कर रही है.
इस आशय की बात भारतीय जनता के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने गुना जिला बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए होटल प्रेमीश्री में कही. उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए लाखों लोगों ने बड़ी उम्मीद के साथ कुर्बानी दी थी, लेकिन आजादी के बाद कांग्रेस ने जनता का विश्वास तोड़ दिया. जनता में इस विश्वास को जागृत करने के लिए 11 लोगों ने मिलकर जनसंघ की स्थापना की थी, जो आज भारतीय जनता पार्टी के रूप में 11 करोड़ कार्यकर्ताओं का संगठन बन गया है जनसंघ से भारतीय जनता पार्टी का सफर लंबा है. इस सफर में पार्टी कार्यकर्ता जेल गए, लाठी डंडे खाए. इसके बाद अब जाकर देश में हमारी सरकार बनी है.
आजादी के 65 वर्षो बाद मोदी जी की सरकार ही जनता की भावनाओं के अनुरुप काम कर रही है. उन्होंने कहा कि अभी भी हमारा संकल्प पूरा नहीं हुआ है, जब तक पूरे देश में भाजपा का परचम नहीं फहराते तब तक हमारा काम पूरा नहीं होगा. उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने दलितों को वोट बैंक माना, लेकिन उनके हित में काम नहीं किया. यहां तक की साजिश रचकर बाबा साहेब आंबेडकर को सदन में जाने से रोक दिया, लेकिन शिवराज सरकार ने दलित और मजदूरों के हितों में योजना बनाकर उनका जीवन बदलने का प्रयास किया है.
गुटीय राजनीति से त्रस्त है कांग्रेस
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कांग्रेस महासचिव और मध्यप्रदेश संगठन प्रभारी दीपक बावरिया के ताजा बयान को मुंगेरीलाल के सपने बताते हुए कहा कि कांग्रेस गुटीय राजनीति से त्रस्त है और न तो कोई कांग्रेस की नीति और न नेतृत्व है. ऐसे में बावरिया आगामी चुनाव में नेतृत्व और मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी के रूप नामों की झड़ी लगा रहे है. यह उनकी मीडिया में स्थान पाने की फितरत है. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक अनुशासित दल है, जिसके नेतृत्व ने प्रदेश को परिवार माना है, और मुख्यमंत्री के रूप में भी शिवराजसिंह चौहान ने हर परिवार से भावात्मक संबंध बनाए. 2018 के विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से जनादेश लेकर शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में ही भाजपा की सरकार गठित होगी.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें