गुरुवार, 5 जुलाई 2018

पति के मृत्युभोज का पैसा नेत्र रोगियों के इलाज हेतु दान में दिया



सुरेन्द्र गार्डन भोपाल निवासी रागिनी शर्मा ने मंगलवार को अपने पति के मृत्युभोज के लिये रखे 51 हजार रुपए सेवा सदन चिकित्सालय को नेत्र रोगियों के इलाज के लिये दान में दे दिये हैं . रागिनी के पति 62 वर्षीय अनिल शर्मा रेल्वे में चीफ मैकेनिकल इंजीनियर पद से सेवानिवृत हुए थे. विगत 19 जून 2018 को उनका देहावसान हो गया. त्रयोदषी पर मृत्युभोज कराने की पुरातन परम्परा को तोड़कर रागिनी ने समाज के सामने अनुकरणीय पहल की है. रागिनी को उनके नन्दोई जे.पी. शर्मा ने इस हेतु प्रेरित किया. जेपी शर्मा वन विभाग से अपर प्रधान मुख्य वन सरंक्षक पद से सेवानिवृृत हुए हैं. रागिनी ने कुल एक लाख 25 हजार रुपए दान किये. इनमें से 51 हजार सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय, 25 हजार रुपए शिवाजी नगर स्थित दृष्टि बाधित छात्रावास तथा शेष राशि गौशाला को दान में दी है.
रागिनी शर्मा अपनी ननद-नन्दोई तथा छोटी बेटी के साथ मंगलवार संध्या को सेवा सदन आई थी. उस दिन सेवा सदन में मेहतवाड़ा के 103 रोगियों के मोतियाबिंद आॅपरेशन किये गये थे, रागिनी और परिजन ने नेत्र रोगियों को फल तथा रात्रि भोज परोसा. उस समय रागिनी के चेहरे पर पति विच्छोह के दुख के साथ रोगियों की सेवा के सुख के मिश्रित भाव साफ साफ दिख रहे थे. रागिनी के नन्दोई जे.पी. शर्मा ने समाज को इस सकारात्मक पहल के लिये आगे आने की जरूरत बताई. सेवा सदन के प्रबंधन ट्रस्टी एल.सी. जनियानी ने कहा कि पुरातन परम्पराएं अच्छी हैं पर बदली हुई परिस्थितियों में समाज को अपनी पुरातन परम्पराओं और लोकाचारों में बदलाव करने की आवश्यकता पर विचार करना चाहिये.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें