बुधवार, 4 जुलाई 2018

किसान निकालेंगे अन्नदाता अधिकार यात्रा

 अगस्त माह से ट्रेक्टर और ट्रालियों के साथ निकलेगी यात्रा
मध्यप्रदेश में किसान एक बार फिर अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतारने की तैयारी कर रहा है. राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के नेतृत्व में प्रदेश के सभी 51 जिलों में किसान अब अन्नदाता यात्रा निकालने की तैयारी कर रहा है. यात्रा की शुरुआत अमरकंटक से की जाएगी और समापन राजधानी भोपाल में होगा.
राज्य में लंबे समय से अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर प्रदर्शन करने वाले किसानों ने एक बार फिर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है. किसान इस बार भी राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के नेतृत्व में सक्रिय हो रहा है. महासंघ ने इस बार किसानों की मांगों को लेकर अन्नदाता अधिकार यात्रा निकालने की रणनीति तय की है. यह यात्रा नर्मदा के उदगम स्थल अमरकंटक से शुरु होगी. यात्रा राज्य के सभी 51 जिलों के सभी तहसील और विकास खंडों से होकर गुजरेगी. इसका समापन राजधानी भोपाल में किया जाएगा. यात्रा का शुभारंभ की तारीख अभी तय नहीं हुई है, लेकिन यह तय है कि यात्रा अगस्त के दूसरे सप्ताह से शुरु होगी. यात्रा में 50 ट्रेक्टर और 100 ट्रालियां शामिल की जाएंगी. यात्रा में किसान शामिल होंगे. 
यात्रा के मार्ग को महासंघ द्वारा अंतिम रुप दिया जा रहा है. इसके लिए एक सर्वेक्षण कराया जा रहा है. सर्वेक्षण करने का दायित्व राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ द्वारा युवा इकाई को सौापा गया है. युवा इकाई के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल, प्रदेश संगठन मंत्री रवि दत्त, प्रदेश मंत्री मनमोहन रघुवंशी और उसके साथियों ने मार्ग सर्वेक्षण कार्य 1 जुलाई से अमरकंटक से शुरु कर दिया है. महासंघ के अनुसार सभी जिलों में यात्रा का मार्ग कार्यकर्ता स्वयं तय करेंगे . यात्रा के दौरान किस तरह की मांगों को उठाया जाए और यात्रा की रणनीति किस तरह हो इसके लिए राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ मंथन कर रहा है. लगातार पदाधिकारियों की बैठक हो रही हैं. इन बैठकों में अन्नदाता अधिकार यात्रा की तैयारी को अंतिम रुप दिया जा रहा है. यात्रा की पूरी रुपरेखा किसान नेता शिवकुमार शर्मा कक्काजी द्वारा तय की जा  रही है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें