मंगलवार, 26 फ़रवरी 2019

अपराधियों को सरकार का संरक्षण

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस की कमलनाथ सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. बालाघाट के बाद आज उन्होंने सीहोेर जिलों के किसानों के साथ प्रदर्शन किया और सरकार को चेतावनी दी कि अगर किसानों की समस्याएं नहीं सुलझी तो वे आंदोलन करेंगे. उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधी खुलकर खेल रहे हैं. शिवराज ने आरोप लगाया कि अपराधियों को सरकार का संरक्षण मिल रहा है.
सीहोर जिले के किसानों का आज सीहोर में सम्मेलन और प्रदर्शन था. इसमें शामिल होने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे थे. इसके पहले वे कल सोमवार को बालाघाट में किसानों के साथ प्रदर्शन कर चुके हैं. सीहोर जिले के किसानों को संबोधित करते हुए चौहान ने कमलनाथ सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि किसान बैंकों की लाइन में खड़े-खड़े रो रहे हैं कि पैसे ही नहीं आ रहे हैं. कह रहे हैं कि मामा आ जाओ, काहे चले गये.  जब हम चले जाएंंगे, तो याद बहुत आएंगे, क्योंकि हम तो जीते ही आपके लिए हैं. चौहान ने कहा कि कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जब सरकार बनानी थी, तो कर्जा माफ, कर्जा माफ कर रहे थे और अब अलग-अलग रंग के फार्म भरवा रहे हैं. अब तक केवल 1 लाख 89 हजार किसानों के खातों में थोड़े पैसे आये हैं. उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी, वादा आपने किया है, लेकिन निभवायेंगे हम. हर किसान का कर्जा माफ करना होगा. 
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज किसान परेशान है. ओला-पाला से फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई हैं. सरकार अब तक खेतों को देखने नहीं गई. जब मेरी सरकार थी और ओले गिरते थे, लगता था कि मेरी छाती पर गिर रहे हैं. मैं सुबह होते ही खेतों में पहुंच जाता था. प्रदेश में ऐसी अराजकता बढ़ गई है.  फिरौती लेकर भी बच्चों को मार डाला, व्यापारी की हत्या कर दी, रीवा के बुजुर्ग दंपतियों की जान ले ली. ये कैसा मध्यप्रदेश बना रही है कांग्रेस? आज अपराधी खुलकर खेल रहे हैं, इसलिए क्योंकि सरकार खुद अपराधियों को संरक्षण दे रही है.
कलम की ताकत नहीं है मेरे पास
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज मेरे आंखों से आंसू टपक जाते हैं, जब कोई आता है और मैं उसका इलाज नहीं करवा पाता हूं, क्योंकि कलम की ताकत नहीं रही. मुख्यमंत्री से कहना चाहता हूं कि गरीबों की गंभीर बीमारियों के इलाज की योजना चलने दीजिए.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें