रविवार, 10 फ़रवरी 2019

भाजपा पर युवा बेरोजगारों को ठगने का आरोप

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग कीअध्यक्ष शोभा ओझा ने केंद्र की भाजपा सरकार पर बेरोजगार युवाओं को पेट्रोल पंप आवंटन योजना के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है. 
ओझा ने कहा कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल पंप आवंटन योजना में मध्यप्रदेश में चिन्हित साढ़े सात हजार स्थानों के लिए युवा बेरोजगारों से 5 से दस हजार तक की राशि वसूल की. राशि वसूलने के बाद केंद्र की भाजपा सरकार और जिम्मेदार पेट्रोल पंप कंपनियों के पास अब पेट्रोल पंप खोलने का कोई संतोषजनक जवाब नहीं है और न ही राशि लौटाने की बात उनके द्वारा की जा रही है. इस प्रकार हजारों युवा बेरोजगारों से करोड़ों रुपए की राशि एकत्रित कर उन्हें ठगा गया है.
 शोभा ओझा ने कहा कि यदि युवा बेरोजगारों को पेट्रोल पंप नही आवंटित किए जाने थे तो फिर उनको झूठे सपने क्यों दिखाए गए. क्या इसका जवाब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देंगे. युवा बेरोजगारों से छल कपट कर बड़ी राशि एकत्रित करने के पीछे मोदी सरकार की मंशा क्या है, यह समझ से परे है. एक तरफ तो मोदी सरकार बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने की बात करती है तो दूसरी और उनके साथ छलावा करती है. इससे साबित होता है कि मोदी सरकार सरीफ झूठे वायदे करना जानती है. उसे बेरोजगारों के भविष्य से कोई लेना देना नहीं है.  शोभा ओझा ने मोदी सरकार से मांग की है कि युवा बेरोजगारों से वितरित की गई राशि लौटाई जाए. राशि नहीं लौटाए जाने की स्थिति में युवा बेरोजगारों को पेट्रोल पंप आवंटित किए जाएं. यदि ऐसा नहीं होता है तो काग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव में इसे मुद्दा बनाएगी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें