मंगलवार, 26 फ़रवरी 2019

आतिशबाजी कर लहराया तिरंगा लहराकर, लोगों ने मनाया जश्न

 खुशियां मनाते हुए बांटी मिठाई, जवानों की वीरता की होती रही सराहना

भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर किए हमले के बाद आज राजधानी में जश्न का माहौल रहा. जगह-जगह तिरंगा लहराकर सेना के जवानों को बधाई दी गई और भारत माता के जयकारे लगाए गए. सेना की इस कार्रवाई को किसी ने पाकिस्तान को मुंह तोड़ जवाब देना बताया तो किसी ने जवानों की वीरता की सराहना की.
भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर आज सुबह किए गए हमले की जानकारी मिलने के बाद राजधानी में जश्न का माहौल देखा गया. भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तिरंगा लहराते हुए जश्न मनाया और आतिश बाजी की. इस अवसर पर लोगों को मिठाई भी खिलाई गई.
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर भारतीय सैनिकों को सैल्यूट किया. उन्होंने लिखा कि भारतीय वायुसेना के जांबाज सैनिकों द्वारा आतंकी ठिकानों पर की गयी जबरदस्त कार्रवाई के लिए सैनिकों को बधाई. मैं और मेरी पार्टी राष्ट्र हित के हर काम में आपके साथ है. वहीं सिंधिया ने भी ट्वीट कर भारतीय वायु सेना के सैनिकों को बधाई दी. उन्होंने लिखा कि सैनिकों के शौर्य और साहस को मेरा सलाम. आतंकी ठिकानों पर की गई जबर्दस्त कार्रवाई के लिए सैनिकों को बधाई.
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारतीय वायुसेना के सफल आपरेशन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आतंकवाद को खोदकर गाड़ देंगे और प्रधानमंत्री ने साफ कह दिया था कि हम किसी को छेड़ेंगे नहीं और जिसने छेड़ा उसको छोड़ेंगे नहीं. भारतीय वायुसेना के जज्बे को सलाम और प्रणाम. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा कि पुलवामा आतंकी हमले का हमारी सेना ने मुंह तोड़ जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि सेना की यह कार्यवाही सराहनीय है. मैं और मेरी पार्टी की ओर से सेना के वीर जवानों को शुभकामना और बधाई. 
प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर नेस्तानाबूद करने पर जांबाज भारतीय सेना के जवानों को मैं शुभकामना देता हूं. हर जवान को मैं सलाम करता हूं. वहीं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने कहा कि हमारी वायु सेना ने देश प्रेम से ओत-प्रोत होकर पुलवामा आतंकी हमले का पाकिस्तान को मुंह तोड़ जवाब दिया है.पाकिस्तान द्वारा पोषित आतंकी ठिकानों को ठिकाने लगाने के लिए मैं भारतीय सेना के जवानों को शुभकामना देता हूं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस राष्ट्र सुरक्षा के लिए उठाए गए हर कदम में देश के साथ है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें