बुधवार, 13 फ़रवरी 2019

शर्मिला, सैफ को जारी किया नोटिस

शर्मिला टैगोर
फिल्मस्टार शर्मिला टैगोर, सैफ अली खान, सबा अली और सोहा अली को नोटिस जारी किया गया है.  नवाब परिवार को  ये नोटिस जमीनों की जानकारी छुपाने को लेकर जारी किए गए हैं, इसके साथ ही राजधानी सहित सीहोर, रायसेन की जमीनों को सरकारी दायरे में लाने की तैयारी की जा रही है. इसके लिए तीनों जिलों के कलेक्टरों से जमीन के रिकार्ड का सर्वे कराया जा रहा है. वहीं भोपाल के करीब 800 एकड़ जमीन अभी भी नवाब परिवार के नाम पर दर्ज है. सीहोर रायसेन की करीब 3 हजार एकड़ जमीन सीलिंग के दायरे में लाने की तैयारी है, नवाब परिवार को अपना पक्ष रखने के लिए  18 फरवरी तक अपना पक्ष रखने को कहा गया है.
यहां यह बता दें कि पिछले दिनों रायसेन के औबेदुल्लागंज में 721 एकड़ जमीन के नामांतरण की फाइल एसडीएम के पास पहुंची थी. इसका नामांतरण भी कर दिया गया, लेकिन जब यह फाइल दोबारा तहसीलदार के पास पहुंची तो उसने इसको खारिज कर दिया और इसकी जानकारी बैठक में संभागायुक्त को दी. इसके बाद से संभागायुक्त ने जानकारी जुटाई तो यह पता चला कि जिस जमीन का नामांतरण किया जा रहा था. वो नवाब प्रॉपर्टी है.
उल्लेखनीय है सरकार ने जमींदारी प्रथा को खत्म करने के लिए सीलिंग एक्ट 1961 में लागू किया था. इसके तहत कोई भी व्यक्ति 54 एकड़ से ज्यादा जमीन  नहीं रख सकता है. अगर ज्यादा जमीन हुई तो वह सीलिंग एक्ट के तहत आएगी. इस एक्ट के तहत भोपाल नवाब की निजी 133 प्रापर्टी को छोड़कर सभी को एक्ट के तहत लिया गया था, लेकिन अधिकारियों की गलती के चलते नवाब की कुछ जमीनें सरकारी रिकार्ड में नहीं आ सकी. अब इन जमीनों का दोबारा सर्वे कराकर सरकारी रिकार्ड में लिया जा रहा है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें