शनिवार, 16 फ़रवरी 2019

छात्र के पत्र के बाद मुख्यमंत्री ने सख्ती बरतने के दिए निर्देश


मध्यप्रदेश के झाबुआ के एक छात्र द्वारा लिखे गए पत्र के बाद एक्शन लेते हुए  मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सभी जिलों में प्रशासन को निर्देश दिया है कि परीक्षा के मौसम में शादी समारोह का आयोजन में होने वाले ध्वनि प्रदूषण (लाऊड स्पीकर्स अथवा डीजे) को सख्ती से रोका जाए.
परीक्षा के समय में विवाह समारोह एवं अन्य आयोजनों की वजह से ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाऊड स्पीकर्स) के तेज आवाज में बजाए जाने से हो रहे शोर शराबे को रोकने के लिए झाबुआ जिले के मेघनगर ब्लाक के ग्राम मदरानी के बस ड्राइवर के बेटे हिमांशु पिता राजेश सोनी द्वारा सीएम को पत्र लिखा गया था.
कमलनाथ ने इस पत्र का जवाब देते हुए लिखा कि मैं आपकी व्यथा से सहमत हूं. आपने ध्वनि प्रदूषण को लेकर अपनी व्यथा व्यक्त की है कि किस प्रकार आपको इस वजह से पढ़ाई में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है. निश्चित तौर पर मैं मानता हूं कि आपकी व्यथा ठीक व सही है. देर रात तक तेज आवाज में बजते डीजे हो या लाउडस्पीकर हो, उसके कारण आप जैसे कई छात्र व बुजुर्ग व्यक्तियो को निश्चित तौर पर कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
नाथ ने लिखा कि वैसे भी अभी वर्तमान मे परीक्षाओं का दौर शुरू हो चुका है.  कुछ परीक्षाएं प्रारंभ भी हो चुकी है और कुछ आगामी समय मे प्रारंभ होने वाली है. इस समय मैं आपके पत्र में लिखी आपकी व्यथा को भली-भांति समझ रहा हूं. उन्होंने कहा पूरे प्रदेश मे मध्यप्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत ध्वनि प्रसारण यंत्रों को एक निश्चित निर्धारित अवधि में ही अनुमति प्रदान कर ध्वनि की निर्धारित मात्रा का पालन सुनिश्चित करने के सम्बंध मे पुर्व से ही निर्देश जारी है. इन निर्देशों को पुन: कलेक्टर-पुलिस अधीक्षक को जारी किया जा रहा है.  जिससे तय समय के बाद ध्वनि प्रसारण यंत्रों के उपयोग पर सख्ती से रोक लगाई जाए. यदि कोई इस नियम का उल्लंघन करता है तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें