सोमवार, 18 फ़रवरी 2019

मध्यप्रदेश के मौसम में बदलाव का जारी है दौर


मध्यप्रदेश के मौसम में फिर बदलाव का दौर शुरु हुआ है. राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में सोमवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे. वहीं, हवाएं ठंड का अहसास कराती रही. राज्य में हवा का रुख बदलने से मौसम में बदलाव आया है.
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी हवाएं चलने से ठंड फिर बढ़ी है. सोमवार की सुबह से धीमी गति से हवाएं चलती रही और आसमान पर बादल छाए रहे. मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बौछारें पड़ सकती है और ठंड का जोर बढ़ सकता है. मौसम में उतार-चढ़ाव और धूप-छांव होने की वजह से अब लोग बीमार भी पड़ने लगे हैं. लोगों को सर्दी और जुकाम ने जकड़ लिया है. 
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि एक-दो दिन ऐसी ही ठंड बनी रह सकती है. 20 फरवरी से तापमान में इजाफा होने की संभावना है.  रविवार को रात के तापमान में शनिवार के मुकाबले ढ़ाई डिग्री की गिरावट हुई. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि रात का तापमान 0.5 डिग्री और कम होता तो शीतलहर चल जाती. हवा का रुख दक्षिण, दक्षिण पूर्वी से बदलकर उत्तरी हो गया है. इसके कारण तापमान में कमी आई और ठंड बढ़ी.
मौसम विभाग के मुताबिक बारिश का दौर खत्म हो चुका है. पिछला पश्चिमी विक्षोभ आगे की ओर बढ़ गया है. एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में आने वाला है, जिस कारण प्रदेश की हवाओं का रुख एक बार फिर बदल सकता है. इसके प्रभाव से दक्षिण पश्चिम मध्यप्रदेश में 21-22 फरवरी के बीच बारिश की संभावना है. इसके साथ ही उत्तर मध्यप्रदेश और उत्तर पश्चिम मध्यप्रदेश के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. फिलहाल तापमान में गिरावट की कोई उम्मीद नहीं है.  मौसम विभाग का यह भी कहना है कि 24 फरवरी तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में बढ़ोतरी होगी. 25 तारिख के बाद तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है. हालांकि आज बादल छाए हुए हैं,लेकिन बारिश की कोई संभावना फिलहाल नहीं है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें