शुक्रवार, 22 फ़रवरी 2019

मंत्री ने किया स्कूल बसों का निरीक्षण, 11 बसों के काटे चालान

मध्यप्रदेश के परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने शुक्रवार की सुबह सड़कों पर आकर बच्चों को स्कूल ले जाने वाली बसों का निरीक्षण किया. इस दौरान बसों में कुछ खामियां मिलने पर उन्होंने इसे ठीक कराने की हिदायत दी. उन्होंने 11 स्कूल बसों के चालान भी काटे.
मंत्री राजपूत शुक्रवार की सुबह चेतक ब्रिज क्षेत्र पहुंचे. इस दौरान उन्होंने लगभग 11 स्कूली बसों का निरीक्षण किया. वे बसों के अंदर गए और हालत का जायजा लिया. बच्चों से भी बात की और उनकी समस्याएं जानी. इस दौरान वे बस के अंदर चढ़े और चेक किया की कहीं ज्यादा बच्चों को तो नहीं बैठाया गया है. 8 से 10 बसों में उन्हें स्पीड गर्वनर नहीं मिला. वहीं बस चालक और परिचालक भी ड्रेस में नहीं थे. बस चालकों को हिदायतें दीं, साथ ही बसों की स्थिति पर भी चर्चा की. 
परिवहन मंत्री का कहना है कि अब विभाग के अफसर मैदान में उतकर बसों की चेकिंग करेंगे. अगर कोई अफसर अपने दफ्तर में बैठकर ही काम करता रहेगा और मैदान में नहीं उतरेगा तो उन पर कार्रवाई की जाएगी. मंत्री के इस औचक निरीक्षण से बस चालकों में हड़कंप मच गया है. ज्ञात हो कि राज्य में कई स्कूल बसों की हालत अच्छी न होने और हादसों की शिकायतें लगातार आती रहती हैं. यहां पुरानी और जर्जर बसों का उपयोग सामान्य है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें