![]() |
| नरेन्द्र मोदी |
मध्यप्रदेश में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की रैली के बाद अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भाजपा का चुनावी शंखनाद करेंगे. मोदी 15 को होशंगाबाद और फिर 16 को धार जिले में सभाएं करेंगे. इसके बाद अमित शाह 19 फरवरी को सागर में सभा कर भाजपा का चुनावी शंखनाद करेंगे.
लोकसभा चुनाव की तारीख तो तय नहीं हुई है, मगर कांग्रेस और भाजपा ने चुनावी सक्रियता बढ़ा दी है. कांग्रेस की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भोपाल में किसान सम्मेलन करके कांग्रेस का चुनाव अभियान शुरु कर चुके हैं. इसके बाद अब भाजपा ने चुनाव को लेकर सक्रियता तेज कर दी है. भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी होशंगाबाद संसदीय क्षेत्र के इटारसी में 16 फरवरी को चुनाव का शंखनाद करेंगे. उनकी सभा के लिए भाजपा ने इटारसी का रेलवे मैदान चुना है. यहां पर तीन संसदीय क्षेत्रों छिंदवाड़ा, होशंगाबाद और बैतूल संसदीय क्षेत्र की 20 विधानसभा सीटों के कार्यकर्ताओं को लाने की तैयारी की जा रही है. भाजपा मोदी की सभा को ऐतिहासिक बनाने में जुटी है. इसके लिए प्रदेश संगठन पूरी ताकत से वहां पर लगा है. भाजपा इटारसी में आयोजित मोदी की सभा को इसलिए भी एतिहासिक बनाना चाहती है, ताकि छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र के विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा अपना शक्ति प्रदर्शन कर सके. छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ का गढ़ माना जाता है. इसलिए भाजपा मोदी के सहारे इस छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र में चुनावी शक्ति प्रदर्शन करना चाहती है. होशंगाबाद के बाद 16 फरवरी को मोदी धार में सभा करेंगे. यहां पर मोदी मंदसौर, रतलाम और धार संसदीय क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर चुनावी बिगुल फूंकेंगे.
![]() |
| अमित शाह |
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सागर जिले में रविवाद जयंती पर चुनावी बिगुल फंूकेंगे. वे 19 फरवरी को यहां पर सभा लेंगे.सभा की तैयारियों में भाजपा जुट गई है. यहां पर नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव खुद शाह की सभा की तैयारियों में जुटे हैं. बताया जा रहा है कि सभा के लिए 2 लाख से ज्यादा की संख्या में लोगों को लाने की तैयारी की जा रही है. यहां उल्लेखनीय है कि पूर्व में 10 फरवरी को शाह का सागर दौरा तय किया गया था, मगर बाद में इसे स्थगित कर दिया था. अब शाह ने 19 फरवरी को सागर जिले के दौरे पर मोहर लगा दी है.


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें