गुरुवार, 21 फ़रवरी 2019

किसानों के मुद्दे पर हंगामा, तीखी नोंक-झोंक


मध्यप्रदेश विधानसभा में आज किसानों की कर्ज माफी के मुद्दे पर सदन में चर्चा के दौरान जमकर हंगामा हुआ और भाजपा एवं कांग्रेस सदस्यों के बीच तीखी नोंक-झोंक भी हुई. भाजपा ने किसानों की कर्ज माफी को कांग्रेस द्वारा किसानों को दिया जा रहा धोखा बताया.
राज्य विधानसभा में आज ओला-पाला और किसान कर्ज माफी मुद्दे पर सदन में चर्चा के दौरान भाजपा विधायकों ने जमकर हंगामा किया. भाजपा विधायकों का कहना था कि किसान कर्ज माफी के लिए सरकार द्वारा पैसों का खुलासा नहीं किया जा रहा है. कितना पैसा किसानों की कर्ज माफी के लिए सरकार ने रखा है और कितना दिया जा रहा है. नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव सहित अन्य भाजपा विधायकों ने आरोप लगाया कि सरकार पैसों का राज क्यों छिपा रही है? इस पर राजस्व मंत्री गोविंद राजपूत ने पूर्ववर्ती सरकार पर किसानों के नाम पर भ्रष्टाचार किए जाने की बात कही तो मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि अगर पूर्ववर्ती सरकार ने भ्रष्टाचार किया है तो अब आपकी सरकार है, जांच करा लें. इसी बीच संसदीय मंत्री डा. गोविंद सिंह भी बोल उठे. इस पर डा.मिश्रा ने विरोध जताया और जमकर नोंक-झोंक होने लगी. 
स्वाइन फ्लू प्रदेश में 35 मौतें
विधानसभा में भाजपा विधायक डा. सीताशरण शर्मा द्वारा लाए गए ध्यानाकर्षण पर चर्चा के दौरान स्वास्थ्य मंत्री तुलसीराम सिलावट ने बताया कि राज्य में स्वाइन फ्लू से 35 मौतें हुई है. प्रदेश में इसके स्वाइन फ्लू से इलाज के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं.  स्वास्थ्य मंत्री का जवाब सुनते ही विपक्षी विधायकों ने कहा कि जब इलाज की व्यवस्था इतनी दुरुस्त है तो इतनी मौत कैसे हो गई.  उन्होंने प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में 2 वर्ष पूर्व मंजूरी मिलने के बाद भी वायरोलॉजी लैब का काम प्रारंभ नहीं होने पर भी आश्चर्य जताया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए, बल्कि हमें यह प्रयास करना चाहिए कि स्वाइन फ्लू के मरीज न बढ़ें और उसके इलाज की पर्याप्त व्यवस्था हो.
पब्जी मोबाइल गेम बंद करने की मांग
भाजपा विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने आज राज्य विधानसभा में पब्जी मोबाइल गेम बंद किए जाने की मांग की. उन्होंने कहा कि यह गेम अफीम की तरह हो गया है. आज के युवाओं को पब्जी का नशा लग गया है. उन्होंने कहा कि देश के 7 राज्यों ने इस गेम पर प्रतिबंध लगाया है, हमें भी प्रदेश में इस पर प्रतिबंध लगाना चाहिए.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें