मुख्यमंत्री कमलनाथ ने चित्रकूट में हुए अपहरण में अपनी जान गवां बैठे श्रेयांश और प्रियांश के पिता बृजेश रावत की मांग पर उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि वह चिंता न करें. दुख की इस घड़ी में पूरी सरकार उनके साथ खड़ी है. मैं खुद इस दुखद घटना से आहत हूं, व्यथित हूं. हम दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाएंगे.
पीड़ित बच्चों के पिता की मांग पर कमलनाथ ने कहा कि आप विश्वास रखिए. हम इस केस को फास्ट ट्रेक न्यायालय में चलाएंगे. दोषियों को फांसी दिलाने का सरकार पूरा प्रयास करेगी. आप निश्चिंत रहिए इस पूरे मामले की हम जांच कराएंगे. इसमें किसी भी अधिकारी की लापरवाही या वो दोषी पाया गया तो उसे नहीं बख्शेंगे. न संरक्षणदाता बचेंगे और न नहीं असली आरोपी. उन्होंने कहा कि कितना ही बड़ा चेहरा यदि इस कांड के पीछे छिपा होगा तो हम उसे भी जांच कर बेनकाब करेंगे. कमलनाथ ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद, इसका मुझे भी बेहद अफसोस है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चे तो वापस नहीं आ सकते, लेकिन आपके परिवार को न्याय दिलाने तक मैं चैन से नहीं बैठूंगा. आप विश्वास रखिए इस दुख की घड़ी में मेरी पूरी सरकार आपके साथ खड़ी है. मैंने कल ही पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिए हैं कि पूरे 12 दिन की जांच रिपोर्ट देखे. पुलिस ने क्या-क्या किया? जिस भी अधिकारी की लापरवाही सामने आए उसे दंडित करें. मैं पहले ही कह चुका हूं इस दुखद घटना को मैं राजनीति का विषय कभी बनाना नहीं चाहूंगा. मेरा एक ही मकसद है आपके परिवार को न्याय दिलाना और उसी मकसद को लेकर में काम करूंगा.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें