रविवार, 17 फ़रवरी 2019

सरकार कराएगी झुग्गियों की रजिस्ट्री

मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल तैयारियों में जुट गए हैं. कांग्रेस विधानसभा में जनता के किए वादों को पूरा करने में जुटी है. कांग्रेस ने अब एक और वादा पूरा करने की तैयारी की है, जिसके चलते झुग्गियों को तोड़ने के बजाय उनकी रजिस्ट्री कराकर देने की पहल शुरु की जा रही है. इसका भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह ने विरोध भी किया है. उनका कहना है कि चुनाव को देखते हुए कांग्रेस को अगर आसमान से तारे तोड़कर लाने को कहो तो वह यह वादा भी कर देगी.
मध्यप्रदेश कांग्रेस लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है.इसके साथ ही वो मेनिफेस्टो में किए गए वादों को पूरा कर रही है. मेनिफेस्टो में कमलनाथ सरकार ने गरीबों के झुग्गियों का मालिकाना हक देने का वादा किया था, लेकिन सरकार इससे एक कदम आगे बढ़ाया है. कांग्रेस सरकार झुग्गियां नहीं तोड़ेगी, बल्कि उनकी रजिस्ट्री कराने का मन बना रही है.
दरअसल कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में झुग्गिवासियों को जमीन का मालिकाना हक देने का वादा किया था, जिसकों अब पूरा अमली जामा पहनाने का काम शुरू होने जा रहा है. विधि मंत्री पी.सी. शर्मा ने बताया सरकार जल्द ही झुग्गियों की रजिस्ट्री कराने का काम शुरू करेगी. इसके लिए पूरे प्रदेश में बनी झुग्गियों का सर्वे कराया जाएगा और सर्वे के निर्देश राज्य सरकार ने दे दिए हैं.साथ ही पक्का मकान बनाने के लिए 2.5 लाख रुपए की राशि भी दी जाएगी.
वहीं इस बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा  के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस समय कांग्रेस से आसमान से तारे तोड़कर लाने को कहो... तो वो भी, ला देंगे... चुनाव को सामने देखकर कांग्रेस हवा हवाई बातें कर रही है. विधानसभा चुनाव में भी ऐसी ही बातें की गई थी, लेकिन जनता अब सच्चाई जान गई है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें