शुक्रवार, 15 फ़रवरी 2019

पुलवामा हमले को लेकर हुए प्रदर्शन, नम आंखों से दी श्रद्धांजलि

पाकिस्तान का फूंका पुतला, आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को लेकर पाकिस्तान के खिलाफ लोगों का गुस्सा दिखाई दिया.राजधानी भोपाल में कई जगह पर प्रदर्शन कर आतंकवादियों और पाकिस्तान के खिलाफ कड़े कदम उठाने की बात लोगों ने कही. वहीं विभिन्न संगठनों द्वारा किए प्रदर्शन में लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ भी नारेबाजी की.
पुलवामा में हुए हमले को लेकर आज कांग्रेस सहित विभिन्न संगठनों के अलावा आम लोगों ने सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किए. राजधानी में दर्जनों स्थानों पर यह प्रदर्शन होते रहे. प्रदर्शन के दौरान मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुकेश पंथी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया और केन्द्र सरकार से आतंकवाद के खिलाफ कड़े कदम उठाने की बात कही गई. वहीं भारत माता चौराहे पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी और आतंकवाद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई. यहां पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी भी की.  
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष गोविंद गोयल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने पुरानी विधानसभा मिंटो हाल स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष अनशन किया. कांग्रेस नेताओं ने आतंकवादियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी. नूतन कालेज में छात्राओं ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी. राजधानी के उपनगर बैरागढ़ में चंचल चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहीदों का श्रद्धांजलि दी. वहीं जेल रोड पर वकीलों ने मौन रैली निकाली और आतंकवाद का विरोध किया. राजधानी में कई स्थानों पर इस तरह के प्रदर्शन होते रहे. प्रदर्शन के दौरान लोगों में आतंकवादियों के खिलाफ गुस्सा भी दिखाई दिया. वहीं लोग प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करने से भी नहीं चूके. लोगों का कहना था कि केन्द्र सरकार को आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए.
प्रधानमंत्री का दौरा हुआ निरस्त
 पुलवामा में हुए आतंकी हमले के मद्देनजर मध्यप्रदेश के इटारसी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शुक्रवार कोें होने वाली रैली को निरस्त कर दिया गया.  रैली निरस्त होने की पुष्टि सांसद राव उदय प्रताप सिंह ने की. प्रधानमंत्री यहां चुनावी जनसभाएं करने वाले थे. इसके अलावा प्रधानमंत्री का कल शनिवार को धार का दौरान भी निरस्त किया गया है.  मोदी की सभा के लिए दोनों की जगहों पर तैयारी पूरी कर ली गई थी.  अब यह रैली कब होगी, इस बारे में भाजपा की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है.
राज्यपाल ने दी श्रद्धांजलि
मध्यप्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने ट्वीटर अकाउंट के माध्यम से शहीदों को श्रृद्धांजलि देते हुए ट्वीट कर लिखा है कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए वीर जवानों की शहादत को मेरा शत शत नमन. शहीदों के शोक-संतप्त परिवारों के प्रति मेरी शोक-संवेदनाएं. ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि हमले में घायल हुए जवान जल्द से जल्द स्वस्थ हों.
शहीद अश्विनी कुमार  पर प्रदेश को गर्व: कमलनाथ
मुख्यमंत्री कमल नाथ ने जम्मू कश्मीर के पुलवामा में  आतंकी हमले में  जबलपुर जिले के अश्विनी कुमार काछी के शहीद होने पर कहा है कि इस बहादुर नौजवान पर पूरे प्रदेश को गर्व है. नाथ ने कहा कि यह शहादत बताती है कि  हमारे प्रदेश के नौजवानों में देश की रक्षा के लिए  अपने प्राण न्यौछावर करने का साहस है. उनकी वीरता का ही परिणाम है कि दुश्मन कायराना हमले पर उतर आया है. नाथ ने कहा कि मैं शहीद अश्विनी कुमार के परिवार को सलाम करता हूँ, जिन्होंने अपने वीर सपूत को देश की रक्षा के लिए सीमा पर भेजा. आतंकवाद का कोई भी स्वरूप प्रदेश और देश में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.  नाथ ने कहा है कि आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए और उसे समूल नष्ट करने के लिए कड़े कदम उठाने की आवश्यकता है.
हमले को कायराना बताया शिवराज ने
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर लिखा जम्मू-कश्मीर के पुलवामा  में आतंकी हमले में शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं. इस कायराना हमले का जवाब जरूर दिया जाएगा. एक अन्य ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा हमारे बहादुर जवानों पर कायराना आतंकी हमला किया गया है. जवानों का यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा. आतंकवाद को जड़ और मूल से उखाडकर फेंकने तक भारत चुप नहीं बैठेगा. इस कायराना हमले की घोर निंदा करता हूं और दिवंगत जवानों के चरणों में श्रद्धा के सुमन अर्पित करता हूं.
दिग्विजय ने केन्द्र सरकार पर उठाए सवाल
मध्यप्रदेश  के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने आतंकी हमले में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए केन्द्र सरकार पर सवाल उठाए है.  सिंह ने ट्वीट कर लिखा कि मैं इस कायराना हमले की निंदा करता हूं और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. उन्होंने लिखा कि क्या  प्रधानमंत्री मोदी  आपको याद है किस सरकार ने जैश ए मोहम्मद के प्रमुख आतंकवादी मसूद अजहर को छोड़ा था? आतंकवादियों से समझौता करना किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं है. एक अन्य ट्वीट करते हुए दिग्विजय सिंह ने लिखा 2500 सीआरपीएफ जवानों का कानवाय जा रहा था, आने जाने वाली गाड़ियों को सर्च क्यों नहीं किया गया? इतनी बड़ी घटना हो गयी क्या आईबी एवं रा को जानकारी नहीं मिल पाई? क्या यह इंटीलिजेंस फेलियर नहीं है? क्या केन्द्र सरकार इसकी जांच करेगी? 
सिंधिया ने की हमले की निंदा
कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आतंकी हमले में शहीदों को श्रृद्धांजलि और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए लिखा है कि पुलवामा से आई खबर से मैं बेहद परेशान हूं. एक  विस्फोट में दस सैनिकों के मारे जाने और कई घायल होने की सूचना है. मैं इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं. घायलों के लिए मेरी प्रार्थना और शहीदों के परिवारों के प्रति संवेदना.
 शहीद के परिवार को एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री कमल नाथ ने जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद हुए प्रदेश के जवान अश्विनी कुमार काछी के परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि परिवार को एक करोड़ की आर्थिक सहायता दी जाएगी. नाथ ने कहा कि शहीद परिवार को एक नि:शुल्क आवास और नौकरी भी दी जाएगी.



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें