
मुख्यमंत्री कमलनाथ के लिए छिंदवाड़ा के कांग्रेस विधायक दीपक सक्सेना विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है. विधानसभा अध्यक्ष एन.पी. प्रजापति ने उनका इस्तीफा भी मंजूर कर लिया है.
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ अभी विधानसभा के सदस्य नहीं हैं. उन्हें शपथ लेने के छह माह के भीतर विधानसभा सदस्य बनना आवश्यक है. इसी को लेकर दीपक सक्सेना ने छिंदवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से इस्तीफा देकर कमलनाथ के लिए क्षेत्र खाली कर दिया है. माना जा रहा है कि लोकसभा के आम चुनाव के साथ ही छिंदवाड़ा विधानसभा के लिए उपचुनाव होगा.
उल्लेखनीय है कि छिंदवाड़ा संसदीय सीट से कमलनाथ सांसद हैं. मुख्यमंत्री बनने के बाद ये कयास लगाए जा रहे थे कि कमलनाथ छिंदवाड़ा के किस विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे. उनके लिए छिंदवाड़ा विधानसभा क्षेत्र तथा सौसर विधानसभा क्षेत्र बेहतर विकल्प माने जा रहे थे. कमलनाथ के करीबी माने जाने वाले विधायक दीपक सक्सेना पहले भी उनके लिए सीट छोड़ने की बात कह चुके थे, ऐसे में सक्सेना ने अब जाकर ये सीट मुख्यमंत्री के लिए खाली कर दी है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें