रविवार, 10 फ़रवरी 2019

बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर सड़क पर उतरी भाजपा


मध्यप्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा आज रविवार को फिर सड़क पर उतरी. राजधानी में शनिवार को घटित एक घटना के विरोध में भाजपा के हजारों कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली और राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा.
राजधानी में शनिवार को भोपाल नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष मोहम्मद सगीर से विवाद के बाद कुछ अज्ञात बदमाशों ने भाजपा के मंडल अध्यक्ष सुभाष रायकवार के साथ मारपीट कर दी. इस घटना में घायल रायकवार को निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया. इस बार की जब खबर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को लगी तो पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता कार्यकर्ताओं के साथ शनिवार को ही अस्पताल के सामने धरने पर बैठ गए. बाद में उन्होंने पुलिस अधीक्षक दक्षिण को एक ज्ञापन भी सौंपा. इस घटना के विरोध में आज फिर सुबह भाजपा कार्यकर्ता रोशनपुरा चौराहे पर एकत्रित हुए. यहां से हजारों के की संख्या में कार्यकर्ता पूर्व विधायक सुरेन्द्रनाथ सिंह के नेतृत्व में राजभवन की ओर रैली के रुप में कूच करने लगे. भाजपा की इस रैली में शामिल हुई महिलाओं का कहना था कि राजधानी सहित प्रदेश में इन दिनों गुंडों, बदमाशों को प्रश्रय दिया जा रहा है, जिसके चलते कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है. महिलाओं पर भी अपराध बढ़ते जा रहे हैं. रैली में शामिल महिलाओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के विरोध में प्रदर्शन कर नारेबाजी भी की.
पुलिस को इसकी जानकारी लगी तो कार्यकर्ताओं को राजभवन के पहले ही रोक दिया. इसके बाद भाजपा के एक प्रतिनिधि मंडल ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को राजधानी सहित प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर एक ज्ञापन सौंपा. भाजपा ने ज्ञापन में मांग की है कि घटना के आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें