गुरुवार, 14 फ़रवरी 2019

भाजपा के दिग्गज नहीं छोड़ना चाहते चुनावी मैदान

अर्चना, जयंत मलैया, सत्यनारायण जटिया भी चाहते हैं टिकट
मध्यप्रदेश भाजपा के लिए उसके दिग्गज नेता लगातार मुसीबत बनते जा रहे हैं. बाबूलाल गौर, कुसुम महदेले के बाद अब लोक सभा चुनाव के लिए पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया और सत्यनारायण जटिया ने भी संगठन के सामने टिकट के लिए सक्रियता बढ़ाई है. मलैया सागर से तो जटिया उज्जैन से मैदान में ताल ठोकना चाह रहे हैं. वहीं पूर्व कृषि मंत्री गौरीशंकर बिसेन अपनी पुत्री मौसमी बिसेन को टिकट दिलाने के लिए प्रयास कर रहे हैं.
मध्यप्रदेश भाजपा के लिए दिग्गज और वरिष्ठ नेता लगातार मुसीबत बढ़ा रहे हैं. लोकसभा चुनाव के पूर्व इन दिग्गजों ने टिकट के लिए मोर्चा खोल रखा है. पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर और पूर्व मंत्री कुसुम महदेले पूर्व में ही लोकसभा चुनाव में मैदान में उतरने की अपनी इच्छा संगठन को व्यक्त कर चुके हैं. वहीं अब संगठन के सामने पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया के अलावा वरिष्ठ नेता सत्यनारायण जटिया ने भी टिकट के लिए अपनी इच्छा व्यक्त की है. मलैया सागर से टिकट के लिए प्रयासरत हैं. वे विधानसभा चुनाव हारने के बाद से लगातार केन्द्रीय नेतृत्व के समक्ष अपनी इच्छा जताते रहे हैं. मलैया के अलावा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता सत्यनारायण जटिया भी उज्जैन से टिकट के लिए प्रयास कर रहे हैं. इन नेताओं के अलावा राज्य के पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन भी अपनी पुत्री मौसमी बिसेन को सिवनी संसदीय क्षेत्र से टिकट दिलाने के लिए प्रयास कर रहे हैं. 
अर्चना चिटनिस भी चाहती है टिकट
विधानसभा चुनाव हार चुकी पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस भी टिकट के लिए इन दिनों भोपाल से दिल्ली एक किए हुए हैं. वे खण्डवा-बुरहानपुर संसदीय क्षेत्र से टिकट के लिए प्रयास कर रही है. इस संसदीय क्षेत्र से नंदकुमार सिंह चौहान सांसद हैं. मगर उनका विरोध भी इस बार कुछ ज्यादा ही है. इसके अलावा संगठन द्वारा जो सर्वे कराया गया, उस सर्वे में चौहान को लेकर मतदाता में नाराजगी भी बताई जा रही है. इस वजह से संगठन उन्हें इस बार मौका नहीं देना चाहता है. वैसे इस संसदीय क्षेत्र से कैलाश विजयवर्गीय का नाम भी उम्मीदवारी के लिए लिया जा रहा है, मगर कैलाश खुद यहां के बजाय मंदसौर संसदीय क्षेत्र को पसंद कर रहे हैं.  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें