11 जून से 15 जुलाई तक गांव-गांव जाएंगे आप के कार्यकर्ताआम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने आज दोपहर को अनशन समाप्त कर दिया. इस अवसर पर अग्रवाल ने कहा कि हमने केन्द्रीय नेतृत्व की अपील पर अनशन तो खत्म कर दिया, मगर मांगे और लड़ाई जारी रखेंगे.
केंद्रीय नेतृत्व की ओर से गुरुवार सुबह राज्यसभा सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह एवं पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता को अनशन तोड़ने की अपील के साथ भेजा गया. इस बीच, अनशनकारियों के गिरते स्वास्थ्य को देखते हुए कार्यकर्ताओं की ओर से लगातार अनशन तोड़ने और सड़क पर जमीनी लड़ाई लड़ने का आह्वान किया गया. बाद में सांसद संजय सिंह ने अपने वक्तव्य के दौरान अनशन पंडाल में मौजूद कार्यकर्ताओं एवं जनता के बीच रायशुमारी कराई. इसके बाद प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल ने भारी दबाव के बीच अनशन तोड़ने पर सहमति जताई लेकिन साथ ही वादा किया यह लड़ाई सड़क पर जारी रहेगी और आगामी चुनावों में भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने तक यह संघर्ष जारी रहेगा. इसके लिए पार्टी 11 जून से 15 जुलाई के बीच आम आदमी जनजागरण यात्रा निकालेगी. इसमें प्रदेश के सभी 52 हजार गांवों और शहरों के सभी मोहल्लों तक संदेश पहुंचाया जाएगा.
सांसद संजय सिंह ने कहा कि यह बेईमान तो चाहते हैं कि हम मर जाएं, हमारी लड़ाई कमजोर हो, लेकिन हमें इस बारे में सोचना चाहिए. उन्होंने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ हमने इस विषय पर लंबी चर्चा की. इस चर्चा के बाद अरविंद केजरीवाल ने हमें यह अनुरोध करने के लिए भेजा है कि अब इस अनशन को खत्म कर दिया जाए. उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने साफ कहा है कि हमारा ध्येय इस आंदोलन को प्रदेश के गांव-गांव तक पहुंचाना है और इसके लिए आलोक अग्रवाल का स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है. बीते छह दिनों में कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार हुआ है और प्रदेश के किसानों, मजदूरों, युवाओं, माताओं, बहनों के बीच यह संदेश गया है कि आम आदमी पार्टी उनकी लड़ाई को पूरी मजबूती से लड़ रही है. प्रदेश का हर आदमी अब आपके लिए लड़ने के लिए तैयार है.
प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल ने कहा कि आज हम यह संकल्प लें कि अगले डेढ़ महीने में मध्य प्रदेश के 52 हजार गांव और हर शहर के हर मोहल्ले में पहुंचेंगे. इस दौरान हम आम आदमी जनजागरण यात्रा निकालेंगे और प्रदेश की वर्तमान सरकार की लूट का खुलासा करेंगे. उन्होंने कहा कि डेढ़ महीने की इस यात्रा में सभी मंडल अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी आम आदमी पार्टी की लड़ाई को जनता के बीच ले जाएंगे और इसे जनता की लड़ाई बनाएंग. उन्होंने कहा कि दिल्ली में चुनाव जनता ने लड़ा था और यहां भी जनता को ही लड़ना पड़ेगा तभी व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई पूरी होगा.
पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक तरफ देश का किसान भूखा मर रहा है और दूसरी तरफ नीरव मोदी 20 हजार करोड़ लेकर भाग जाता है. उसे पकड़ने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की जाती है. एक तरफ देश का किसान इस चिलचिलाती धूप में अपने खेत में खड़ा है और फसल के लिए कतार लगाए है. उधर हमारे प्रधानंत्री इंडोनेशिया में रंग-बिरंगे कपड़े पहनकर घूम रहे हैं. इससे पता चलता है कि इस सरकार के लिए किसकी जान की कीमत ज्यादा है. इंडोनेशिया के और अमरीका के लोग इन्हें प्यारे हैं या फिर इस देश की भूखी जनता का दर्द इन्हें दिखाई देता है. उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में प्रदेश के मुख्यमंत्री जी ने कहा है कि चाहे कुछ हो जाए मैं किसानों का कर्ज माफ नहीं करूंगा. यह उनका घमंड है, उनका दंभ है, लेकिन उन्हें याद रखना चाहिए कि 5 साल पहले दिल्ली की सरकार ने भी यही कहा था कि हम आपकी बात को नहीं सुनेंगे. वहां जनता ने क्या हाल किया. वही हाल मध्य प्रदेश में भी करेंगे.
















