गुरुवार, 24 मई 2018

दिग्विजय 31 को ओरछा से शुरु करेंगे यात्रा


मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समन्वय समिति के अध्यक्ष दिग्विजयसिंह 31 मई से यात्रा शुरु करेंगे. उनकी यह यात्रा बुंदेलखंड के ओरछा से शुरु होगी. सिंह की यात्रा राजनीतिक यात्रा होगी, जिसमें वे नाराज कांग्रेस नेताओं को फिर से कांग्रेस में जोड़ने का काम करेंगे.
यह जानकारी आज खुद दिग्विजयसिंह ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए दी. वे आज समन्वय समिति की बैठक में आए थे. इस बैठक में बुंदेलखंड के वरिष्ठ नेता सत्यव्रत चतुर्वेदी नहीं पहुंचे. यात्रा की जानकारी देते हुए सिंह ने बताया कि वे अपनी इस यात्रा के दौरान नाराज चल रहे कार्यकर्ताओं के मतभेद को मिटाने का काम करेंगे. उन्होंने कहा कि उनकी यह यात्रा 31 मई से शुुरु होगी और यात्रा में सत्यव्रत चतुर्वेदी भी शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान वे किसी भी दावेदार से आवेदन नहीं लेंगे, साथ ही हमारी समिति के सदस्य भी इस तरह का आवेदन नहीं लेंगे. कांग्रेस में एकजुटता लाना हमारा दायित्व है और हम इसे पूरा करेंगे. उन्होंने बताया कि उनकी यह यात्रा 31 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी. यात्रा के दौरान प्रतिदिन वे 12 से 2 बजे के बीच प्रेस से मिलेंगे. उन्होंने कहा कि मेरी यात्रा के दौरान कांग्रेस का झंडा होगा,मगर चित्र किसी का नहीं लगेगा. उन्होंने कहा कि मेरी यह यात्रा समन्वय समिति के अध्यक्ष के रुप में होगी.
कमलनाथ ने बोला हमला
प्रदेश कांग्रेस अध्यख कमलनाथ ने भी आज प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोला. उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि मंडियों में किसान परेशान हो रहा है. उसके माल की तुलाई नहीं हो रही. किसानों की मौत हो रही है और सरकार चैन की नींद सो रही है. उन्होंने कहा कि किसान की परेशानी सरकार को दिखाई नहीं दे रही है. उन्होंने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री के 4 साल का जश्न मना रही है, उसे इस बात की चिंता नहीं है कि किसान किस हाल में है. वोट विभाजन को रोकना हमारा लक्ष्य है.
मीनाक्षी ने नहीं दिया  इस्तीफा
कमलनाथ ने कहा कि मीनाक्षी ने इस्तीफा नहीं दिया है. कांग्रेस में किसी तरह की गुटबाजी नहीं है. उन्होंने कहा कि छोटी-मोटी बातें तो होती रहती है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें