बुधवार, 23 मई 2018

नकबजन गिरोह के सदस्य पकड़ाए

राजधानी भोपाल की कोलार थाना पुलिस ने शातिर नकबजन गैंग का पदार्फाश किया है. पुलिस ने इस गिरोह के चार सदस्यों को भी गिरफ्तार किया है. यह जानकारी भोपाल डीआईजी धर्मेन्द्र चौधरी ने आज बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में दी.
डीआईजी चौधरी ने प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि आरोपियों की पहचान दीपू उर्फ दीपक रविदास पिता राजेश रविदास  निवासी बांसखेड़ी कोलार रोड भोपाल, सोनू जाटव पिता कन्हैयालाल जाटव निवासी 610 क्वाटर कोलार रोड भोपाल और कमलेश ठाकुर पिता पदम सिंह ठाकुर निवासी ग्राम बोरदा महाबड़िया कोलार रोड भोपाल, के रूप में हुई है. डीआईजी का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने दस नकबजनी की वारदातें कबूली हैं. आरोपियों के कब्जे से करीब तीन लाख रुपए कीमत का चोरी का माल बरामद किया गया है.
डीआईजी ने बताया कि आरोपी दीपू उर्फ दीपक रविदास के विरुद्ध कोलार थाने में बीते चार वर्षों में कुल 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं. वहीं आरोपी कमलेश के खिलाफ 40, सोनू जाटव के खिलाफ 15 और अभिषेक रघुवंशी के खिलाफ कुल तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं. डीआईजी चौधरी का कहना है कि आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा. पूछताछ में अन्य कई वारदातों को खुलासा होने की संभावना है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें