गुरुवार, 24 मई 2018

जून से प्रदेश में सक्रिय होंगे शाह

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मध्यप्रदेश में सक्रिय हों, इसके पूर्व वे अपनी टीम के जरीए मध्यप्रदेश संगठन की कमियों और कमजोरियों को तलाश रहे हैं. इसके चलते भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री डा. अनिल जैन ने मध्यप्रदेश संगठन के पदाधिकारियों से चर्चा की. इस दौरान उन्हें कई जिलों में संगठन और कार्यकर्ता के बीच तालमेल न होने जैसी बातें पता चली है. अब शाह खुद कार्यकर्ता से सीधे संपर्क करेंगे. शाह जून से मध्यप्रदेश में सक्रियता दिखाएंगे.
भाजपा मध्यप्रदेश में इन दिनों पूरी तरह चुनावी मोड में आ गई है. कर्नाटक में मिली हार के बाद अमित शाह मध्यप्रदेश भाजपा के संगठन पर पैनी नजरें रखे हुए हैं. वे जून से मध्यप्रदेश में सक्रिय होंगे. इसके पूर्व  वे लगातार अपनी टीम के सदस्यों से मध्यप्रदेश की नब्ज तराश रहे हैं. शाह ने राष्ट्रीय महामंत्री डा. अनिल जैन को भेज कर संगठन पदाधिकारियों के अलावा संगठन मंत्रियों कि साथ भी बैठकें की. इन बैठकों में डा. जैन को इस बात की जानकारी मिली कि राज्य के कई जिलों में संगठन का कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल नहीं है. इन जिलों में कार्यकर्ता विधायक के साथ नजर आता है, मगर संगठन की गतिविधियों से वह दूर रहता है. इसके अलावा कई और भी कमियां डा. जैन के सामने आई है. पूर्व में शाह की भोपाल यात्रा के दौरान जो कार्य शाह ने संगठन को दिए थे, वे भी अब तक पूरे नहीं हुए हैं. शाह के जून से मध्यप्रदेश में सक्रिय होने की जानकारी मिलने के बाद अब प्रदेश का संगठन भी चिंतित हो गया है.
डा. जैन अपने प्रवास के दौरान जो कमियां उन्हें मिली, उसकी जानकारी शाह को देंगे. सूत्रों की माने तो जून माह से शाह मध्यप्रदेश में आमद देंगे. वे अब सीधे तौर पर ब्लाक स्तर पर कार्यकर्ता से संपर्क करेंगे और संगठन के अलावा सरकार की कमियों की जानकारी हासिल करेंगे.
गांवों में जाएं संभाग प्रभारी
भाजपा के संभागीय प्रभारियों को अपने दौरे के दौरान गांव में रूकना होगा. प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई बैठक में डा. अनिल जैन ने प्रदेश पदाधिकारियों से कहा कि वे संभागों के दौरों के समय संभागीय मुख्यालय में रुकने की बजाए किसी मंडल में जाकर रात्रि विश्राम करें. इस दौरान वे कार्यकर्ता से संपर्क करें और उसकी नाराजगी को दूर करने का काम करें.
मंडल स्तर पर होंगे कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 26 मई को चार साल पूरे होने पर भाजपा मंडल स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करेगी. इस दौरान केन्द्र के मंत्री बडेÞ शहरों में केन्द्र की उपलब्धियों को लेकर मीडिया से भी चर्चा करेंगे. इसके अलावा शहरों में बुद्धिजीवी सम्मेलन में भी आयोजित किए जाएंगे. भोपाल में आयोजित बुद्धिजीवी सम्मेलन में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के मौजूद रहने की संभावना है.
यूथ, बूथ और किसान पर फोकस
भाजपा 26 मई से 11 जून तक हर बूथ पर जाएंगे और यूथ को भाजपा से जोड़ने के लिए जतन करेंगे. इसके अलावा केंद्र और राज्य की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए भी पार्टी कार्यकर्ताओं की टीम तैनात की जाएगी.   चुनाव से पहले भाजपा का पूरा फोकस यूथ, बूथ और किसान पर है. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें