किसानों की समस्याओं को लेकर आप का अनिचितकालीन धरना 26 सेआम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक और राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान राज्य के अभिभावक होने के नाते अपना राजधर्म निभाएं. वे प्रदेश के किसानों और नागरिकों की चिंंता करें और उनकी समस्याओं को समझकर दूर करें. उन्होंने कहा कि वे किसानों के अलावा राज्य के लोगों की समस्याओं को लेकर 26 मई से अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ रहे हैं, जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होगी वे अनशन जारी रखेंगे.
अग्रवाल ने ये बातें आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही. उन्होंने बताया कि आज उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को एक पत्र लिखा है. पत्र में उन्होंने उन कारणों का खुलासा किया है, जिसकी वजह से यह अनशन किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि अनशन के दौरान वे अन्न त्याग कर किसानों को पूरी कर्ज माफी, स्वामीनाथन समिति की रिपोर्ट के मुताबिक फसल की लागत का डेढ़ गुना दाम, दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार की तरह 50 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर मुआवजा, बिजली के दाम आधे करने और सभी बकाया बिजली बिल माफ करने के साथ अनिवार्य रोजगार और जब तक रोजगार नहीं मिलता तब तक बेरोजगारी भत्ता जैसी मांगों को सामने रखेंगे. उन्होंने बताया कि अनशन में दिल्ली से केंद्रीय नेतृत्व के अलावा विभिन्न किसान एवं सामाजिक संगठनों के लोग भी शामिल होंगे, इसके अलावा विभिन्न प्रदेशों के आंदोलनकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, वकील, पत्रकार, शिक्षक, पत्रकार आदि भी अनिश्चितकालीन अनशन को समर्थन देने के लिए समय-समय पर आएंगे.
आम आदमी पार्टी की प्रमुख मांगे
किसानों का पूरा कर्ज माफ किया जाए, स्वामीनाथन समिति की रिपोर्ट के अनुसार, किसानों की फसल का न्यूनतम दाम उसकी लागत का डेढ़ गुना रखा जाए एवं किसानों को अन्य सुविधाएं दी जाएं. सूखा, ओला, पाला या किसी कारण से फसल नुकसान होने पर 50 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर का मुआवजा दिया जाए, बिजली के दाम सभी घरेलू, किसानी, व्यवसायी, औद्योगिक क्षेत्रों के लिए घटाकर आधे किए जाएं एवं बकाया बिजली बिलों को माफ किया जाए, लाखों बेरोजगार युवाओं के लिए अनिवार्य रोजगार की व्यवस्था की जाए और रोजगार दिए जाने तक जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाए.
अनशन की रुपरेखा
अग्रवाल ने बताया कि वे 26 मई की सुबह सात बजे होशंगाबाद में मां नर्मदा में स्नान करने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आलोक अग्रवाल भोपाल की ओर रवाना होंगे. इसके बाद रास्ते में अन्य स्थानों से आए पार्टी कार्यकर्ता एवं आम किसान उनके साथ जुड़ते जाएंगे. राजधानी भोपाल में प्रवेश के बाद बोर्ड आफिस चौराहे पर डॉ अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण किया जाएगा. इसके बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के दर्शन के लिए अग्रवाल और अन्य सभी साथी गांधी भवन की ओर प्रस्थान करेंगे. गांधी भवन से पूरा कारवां लिली टाकीज चौराहे पर पहुंचेगा. लिली टाकीज से पैदल मार्च कर अनशन स्थल शाहजहांनी पार्क, सुल्तनिया अस्पताल के सामने पहुंचा जाएगा. शाहजहांनी पार्क में अनिश्चितकालीन अनशन में प्रदेश भर से आए किसान और पार्टी कार्यकर्ता अनशन में शामिल होंगे.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें