शुक्रवार, 25 मई 2018

भाजपा के पास नहीं है 40 लाख सदस्यों जुटा रही जानकारी

मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी है. भाजपा इस बात को लेकर चिंतित है कि मिस काल के जरिए सदस्य बनने वाले 40 लाख लोगों का डाटा ही उसके पास नहीं है. अब भाजपा इन लोगों का डाटा जुटा रही है. भाजपा को इन सदस्यों का चुनाव के पूर्व सत्यापन करना है, ताकि इनसे विधानसभा स्तर पर चुनावी कार्य भी लिया जा सके.
मध्यप्रदेश में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है. 14 साल से वनवास काट रही कांग्रेस इन दिनों भाजपा को हर तरह से घेरना चाहती है. कांग्रेस दिग्गज नेता अब मैदान में उतरते नजर आ रहे हैं, जिससे भाजपा में बैचेनी बढ़ने लगी है. वहीं शिवराज सिंह चौहान प्रदेश में चौथी बार सरकार बनाने का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं. संगठन भी इसी कवायद में जुटा है, मगर संगठन की चिंता एसएमएस और मिस काल कर बनने वाले सदस्य हैं. मिस काल के जरिए जब देशभर में भाजपा ने सदस्य बनाए थे, तब यह बात कही थी कि मध्यप्रदेश में उसके 1 करोड़ सदस्य हैं. अब जबकि चुनाव की तैयारियां तेज हुई तो भाजपा संगठन ने इन सदस्यों के आंकड़े जुटाए तो पता चला कि संगठन के पास 60 लाख लोगों के आंकड़े हैं, मगर 40 लाख लोगों की उसके पास कोई जानकारी नहीं है. अब पूरा संगठन इसी जानकारी को जुटाने में लगा है. भाजपा को इन सदस्यों के सत्यापन भी करना है, ताकि वह दावे की सच्चाई को भी जाने और इन सदस्यों का उपयोग भी चुनाव के दौरान कर सके.
हाल ही में राजधानी प्रवास पर आए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री डा. अनिल जैन ने भी इस मामले पर पदाधिकारियों से चर्चा की. इसके बाद अब संगठन इन सदस्यों की जानकारी तलाशने में जुटा है. भाजपा का इन सदस्यों की जानकारी इसलिए जुटानी पड़ रही है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह चाहते हैं कि हर विधानसभा क्षेत्र में एक काल सेंटर बनाया जाए, जिसके माध्यम से कार्यकर्ता से सीधा संपर्क किया जा सके और कार्यकर्ता से विधानसभा क्षेत्र की जानकारी ली जा सके.इसके अलावा बूथ से लेकर प्रदेश स्तर की टीमों के सदस्यों को वाट्सएप ग्रुप से जोड़ा जाए. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें