बुधवार, 23 मई 2018

जनता और किसान दोनों भाजपा से परेशान

अजय सिंह 
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि किसान और जनता दोनों के घरों में डाका डाल रही सरकार
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है कि आज प्रदेश की जनता और किसान भाजपा सरकार के कारनामों से परेशान है. भाजपा ने दोनों लोगों के घर पर डांका डाला है और अपनी नीतियों से उनके घर का बजट बिगाड़ दिया है.
नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा कि आज पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों से प्रदेश की जनता सहित पूरे देश की जनता सफर कर रही है. इंडियन आईल कंपनी एक ओर जहां 3000 करोड़ का मुनाफा कमा रही हैं वहीं पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा कर आम जनता के मेहनत की कमाई पर डांका डाल रही हैं. सिंह ने कहा कि आज प्रदेश की जनता का आईल कंपनी के मुनाफे में 3.1 प्रतिशत का योगदान है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां और रीतियां मुनाफाखोर लोगों के साथ हैं.
सिंह ने कहा कि इसी तरह प्रदेश का किसान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की धोखाधड़ी से परेशान होकर अपनी जान देकर इसकी कीमत चुका रहा है. उन्होंने कहा कि अभी मैं विंध्य क्षेत्र के दौरे पर था वहां मैंने देखा कि वहां एक छोटी सी मंडी में किसानों के माल की तुलाई नहीं हो रही है, तुलाई हो गई है तो भुगतान नहीं हो रहा है, उसे बोनस की राशि नहीं मिल रही है लेकिन हमारे मुख्यमंत्री लगातार आकडों की जुगलबंदी से किसानों को हैरान-परेशान कर रहे हैं. किसान आत्महत्या कर रहा है, इच्छामृत्यु मांग रहा है, इससे पता चलता है कि किस हद तक भाजपा सरकार ने उन्हें त्रस्त कर रखा है. सिंह ने कहा कि मंदसौर गोलीकांड हुए आज एक साल होने जा रहा है लेकिन इसके लिए गठित जांच आयोग की रिपोर्ट तक नहीं आई. सरकार की इच्छा नहीं है कि रिपोर्ट आए, क्योंकि इससे उनकी किसान हितैषी नीतियों की पोल खुल जाएगी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें