केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के मोदी पर ट्वीट के जरिए किए हमले को लेकर कहा कि क्या यूपीए सरकार के वक्त पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़ते थे.
तोमर ने आज राजधानी प्रवास के दौरान पत्रकारों से चर्चा में यह बात कही. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यह बताना चाहिए कि क्या देश में पेट्रोल-डीजल के दाम मोदी सरकार के कार्यकाल में भी बढ़ रहे हैं? उन्होंने कहा कि मोदी के शासनकाल में पिछले 4 सालों में काफी परिवर्तन आया है. तोमर ने कहा कि दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है. जब भाजपा को कांग्रेस से सरकार मिली थी तब भ्रष्टाचार ही भ्रष्टाचार था.लोगों का भरोसा मोदी सरकार के साथ है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अच्छे दिन दिखेंगे नहीं, 2019 को जनता इसका जवाब देगी. तोमर ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ द्वारा शिवराज सिंह से साइकिल चलाने को लेकर किए सवाल पर कहा कि कांग्रेस की ओछी राजनीति है. कांग्रेस चाहे साइकिल ढूंढे या नट बोल्ट, इससे भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता. सरकार मूल्य वृद्धि को लेकर चिंतित है और जल्द ही इसका समाधान भी निकाला जाएगा.
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि विपक्ष हमारे खिलाफ है. मंदसोर में कांग्रेस द्वारा आयोजित किए जा रहे कार्यक्रम को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस की एकजुटता सबके सामने है. इससे हमें कोई फर्क नहीं पड़ता. एक साथ फोटो खिचवाने से एकजुटता नहीं होती है. उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की विभाजनकारी शक्ति वोटों की राजनीति के लिए यह सब करती है. पिछली बार भी किसान आंदोलन के दौरान हिंसा ऐसे ही संगठनों के कारण भड़की थी.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें