प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया पेट्रोल-डीजल बढ़ती कीमतों के विरोध स्वरूप बैलगाड़ी से मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर घेराव और प्रदर्शन करेंगे. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया भी उनके साथ इस प्रदर्शन में रहेंगे.
यह जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर ने बताया है कि यह बैलगाड़ी यात्रा आगामी मंगलवार, पांच जून को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से शुरू होगी. पेट्रोल-डीजल पर से राज्य सरकार द्वारा लगाए गए करों को कम करने के लिए नेतागण मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौपेंगे. बैलगाड़ी यात्रा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल होंगे.
गोलीकांड की जांच रिपोर्ट छह जून के पहले करें सार्वजनिक
कांग्रेस ने मांग की है कि मंदसौर गोलीकांड की जांच रिपोर्ट को 6 जून के पहले सार्वजनिक किया जाना चाहिए. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि विगत छह जून, 2017 को मंदसौर गोलीकांड में हुई किसानों की मौत को लेकर गठित जैन आयोग का कार्यकाल चार बार बढ़ाये जाने के बाद विगत 11 मई को समाप्त हो गया. कार्यकाल समाप्ति के बीस दिन बाद भी आयोग ने जांच रिपोर्ट अभी तक सार्वजनिक नहीं की है, वह रिपोर्ट कहां और किसके पास है? कमलनाथ ने कहा है कि आगामी छह जून को मंदसौर गोलीकांड को एक वर्ष होने के पूर्व शिवराज सरकार जस्टिस जैन आयोग की रिपोर्ट को जारी करे. उन्होंने कहा कि गोलीकांड के दोषियों को शीघ्र सजा और पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिले. उन्होंने दोषियों को सजा देने की मांग की है. कमलनाथ ने यह भी मांग की है कि मंदसौर गोलीकांड में हजारों किसानों पर दर्ज सैकड़ों झूठे मुकदमे भी छह जून के पूर्व वापिस ले शिवराज सरकार.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें