बुधवार, 23 मई 2018

निष्कासित, निलंबित कांग्रेसी फिर आएंगे पार्टी मे

प्रदेश एवं जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा विभिन्न कारणों से निष्कासित या निलंबित किए गए कार्यकर्ता और पदाधिकारियों को पुन: कांग्रेस पार्टी में प्रवेश पाने के लिए प्रवेश समन्वय समिति को लिखित आवेदन देना होगा. इन कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में वे लोग भी आवेदन कर सकते हैं. जो छह वर्ष के लिए निष्कासित किये गये थे. उन्हें अपने आवेदन में इस बात का विशेष रूप से उल्लेख करना होगा कि वे भविष्य में अनुशासनहीनता की पुनरावृत्ति नहीं करेंगे. 
यह निर्णय प्रवेश समन्वय समिति के संयोजक इंद्रजीत कुमार पटेल की अध्यक्षता में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में लिया गया. बैठक में पूर्व मंत्री भारत सिंह, सत्यनारायण पंवार और एन.पी. प्रजापति तथा पूर्व सांसद विश्वेश्वर भगत उपस्थित थे. समन्वय समिति की अगली बैठक आगामी 11 जून को दोपहर बारह बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में होगी.  किसी अन्य दल से कांग्रेस पार्टी में प्रवेश लेने के इच्छुक व्यक्ति भी समिति को आवेदन कर सकते हैं. उनके आवेदन पर भी समिति द्वारा विचार किया जायेगा. इसके अलावा स्थानीय निकाय अथवा विधानसभा चुनाव निर्दलीय जीतने वाले अभ्यार्थी भी यदि कांग्रेस पार्टी में शामिल होना चाहते हैं तो वे भी अपना आवेदन समिति के विचरार्थ प्रस्तुत कर सकते हैं. 
पार्टी में शामिल होने के लिए इच्छुक अभ्यार्थी को समन्वय समिति के समक्ष उपस्थित होकर लिखित रूप से पार्टी की रीति-नीति अनुसार कार्य करने संबंधी आवेदन प्रस्तुत करना होगा, जिसमें यह स्पष्ट रूप से उल्लेख होना चाहिए कि वे पार्टी अनुशासन का पूर्ण रूप से पालन करेंगे. पार्टी में प्रवेश देने के पूर्व स्थानीय वरिष्ठ नेताआें से भी विचार विमर्श किया जाएगा.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें