गुरुवार, 31 मई 2018

विज्ञापन के जरिए खुद की ब्रांडिंग कर रहे शिवराज


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि पिछले साढ़े चौदह सालों से मध्यप्रदेश सरकार विज्ञापनों के माध्यम से भ्रमित करने वाले और झूठे आंकड़े अखबारों में प्रकाशित करा रही है. विज्ञापनों पर जनता की खून पसीने की कमाई का करोड़ों रुपए पानी की तरह खर्च किया जा रहा है. कमलनाथ ने आरोप लगाया कि जनता की कमाई से करोड़ों रुपए खर्च कर शिवराज  खुद की ब्रांडिंग कर रहे हैं.
कमलनाथ ने कहा कि जब लगभग हर रोज किसान आत्महत्या कर रहे हैं और हर वर्ग परेशान है, तब घोषणावीर किसान पुत्र मुख्यमंत्री भाषणों और विज्ञापनों में सबके खुशहाल होने की झूठी बातें करते हैं. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने विगत दिनों अखबारों में पूरे-पूरे पेज के चार पृष्ठों के विज्ञापन दिये हैं. इनमें भ्रमित करने वाले झूठे और चौकाने वाले आंकड़े प्रस्तुत किये गये हैं. विज्ञापनों में कई बातें पूरी तरह मिथ्या हैं. 
कमलनाथ ने कहा कि यह यक्ष प्रश्न है कि यदि मध्यप्रदेश सरकार ने वास्तव में प्रदेश का विकास किया है तो यह जनता को दिखेगा और उन्हें उसका लाभ महसूस होगा, फिर क्या कारण है कि सरकार को विज्ञापनों पर करोड़ों रुपए खर्च करके विकास कार्यों को बताना पड़ रहा है. यदि भाजपा सरकार ईमानदारी से प्रदेश में विकास कार्यांे को जमीन पर उतारती तो उन्हें झूठे विज्ञापनों का सहारा नहीं लेना पड़ता और जनमानस में अपने आप विकास प्रतिबिंबित होता. नाथ ने आरोप लगाया कि शिवराजसिंह जनता की गाढ़ी कमाई से करोड़ों रुपए खर्च कर खुद की ब्रांडिंग कर हैं. अखबारों में प्रकाशित विज्ञापन में सबसे नीचे की लाईन में स्पष्ट लिखा है कि शिवराजसिंह चौहान एप को डाउनलोड करें. आखिर जनता को शिवराजसिंह चौहान के व्यक्तिगत एप से क्या लाभ मिलेगा. यह तो जनता के पैसों का खुला दुरूपयोग है. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें