शुक्रवार, 25 मई 2018

किसान आंदोलन पर सियासत, राहुल से पहले पहुंचेंगे शिवराज

मध्यप्रदेश में किसानों के आंदोलन पर एक बार फिर सियासत गर्मा उठी है. 6 जून को आंदोलन की बरसी पर राहुल गांधी की होने वाली सभा को देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान 30 मई को मंदसौर जा रहे हैं. वे किसानों को लेकर वहां पर एक सभा भी करेंगे. इसके अलावा भाजपा का किसान मोर्चा भी सक्रिय हो गया है. वहीं पुलिस इस आंदोलन को लेकर चिंतत है. 
राज्य में किसानों द्वारा 1 से 10 जून तक किए जाने वाले आंदोलन को लेकर प्रदेश में सियासत गर्मा गई है. कांग्रेस ने 6 जून को किसान आंदोलन के चलते एक साल पहले हुए गोलीकांड में मारे गए किसानों की बरसी मनाने का फैसला लिया. इस फैसले के चलते कांग्रेस यहां पर बड़ा कार्यक्रम करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की सभा कराने का फैसला लिया. प्रशासन द्वारा अनुमति मिलने के बाद राजनीति गर्माई और प्रदेश के मुखिया शिवराजसिंह चौहान और भाजपा भी इसे लेकर सक्रिय हो गए. गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने आला अफसरों के साथ रात तक लगातार बैठकें की और किसान आंदोलन के दौरान माहौल न बिगड़े इसके लिए सक्रिय रहने को कहा. साथ ही उन्होंने 30 जून को मंदसौर जाने का अपना कार्यक्रम भी तय कर दिया.इसके अलावा मुख्यमंत्री ने भाजपा के मंदसौर, नीमच और रतलाम के विधायकों से चर्चा कर कांग्रेस के कार्यक्रम और किसान आंदोलन की जानकारी भी ली है. इसके अलावा उन्होंने मालवा के जिलों के प्रभारी मंत्रियों को भी वहां भेज दिया है.ये मंत्री जिलों के ग्रामीण अंचलों में दौरा कर रहे हैं. साथ ही किसानों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उन्हें उग्र होने से बचाने का प्रयास कर रहे हैं. मंत्री किसानों और ग्रामीणों से मुलाकात करके गांव में हुए विकास की बातें कर रहे हैं और उनकी समस्याएं फौरन निराकरण के रास्ते भी खोज रहे हैं. मंत्रियों का कहना है कि वे मुख्यमंत्री के निर्देश पर गांवों का दौरा कर रहे हैं. साथ ही ग्रामीणों को विकास की जानकारी दे रहे हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें