राजधानी में पीएससी की तैयारी कर रही एक छात्रा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. छात्रा होशंगाबाद की रहने वाली थी, वह राजधानी भोपाल में होस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी. प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि छात्रा की अपने दोस्त से हुई कहा-सुनी के बाद उसने यह कदम उठाया होगा.
महाराणा प्रताप नगर पुलिस के अनुसार राजधानी के महाराणा प्रताप नगर में आनंद गर्ल्स होस्टल में नम्रता चौहान रहकर पीएससी की पढ़ाई कर रही थी. वह होशंगाबाद की रहने वाली थी. बीती रात नम्रता अपनी सहेलियों के साथ होस्टल के जिस कमरे में रहती थी, उससे सटे कमरे में वह पढ़ाई कर रही थी. रात करीब 1 बजे सहेलियों ने उससे सोने का कहकर कमरे में चलने की बात कही तो उसने यह कहकर मना कर दिया कि वह कुछ देर और पढ़ेगी. इसके बाद एक सहेली उसके पास रुक गई और बाकी कमरे में जाकर सो गई. करीब 3 बजे नम्रता के मोबाइल पर एक फोन आया, जिसे उसने सहेली को देकर कह दिया कि वह यह कह दे कि उसे कोई बात नहीं करना है. सहेली ने युवक को फोन पर बता दिया कि नम्रता उससे बात नहीं करना चाहती है. इसके बाद फोन बंद कर सहेली कुछ देर बात सोने के लिए चली गई, मगर नम्रता पढ़ाई करने की बात कहकर रुक गई. बाद में सुबह 6 बजे होस्टल में देखा तो नम्रता फांदे पर लटकी मिली.
होस्टल से मिली सूचना के बाद पुलिस ने शव को नीचे उतारा और उसके परिजनों को सूचना दी. पुलिस को नम्रता के पास से सुसाइड नोट भी मिला है, मगर उसमें उसने खुदकुशी करने के कारणों का खुलासा नहीं किया है. पुलिस ने बाद में नम्रता के मोबाइल पर आए फोन के आधार पर युवक को बुलाकर पूछताछ शुरु कर दी है. पुलिस का कहना है कि होस्टल में रह रहे नम्रता की अन्य सहेलियों ने बताया कि उसके दोस्त से उसकी कुछ बातचीत हुई थी, इसके बाद से वह नाराज थी और उससे बात नहीं कर रही थी. संभवत: दोस्त से हुई कहा-सुनी के बाद नम्रता ने खुदकुशी करने जैसा कदम उठाया होगा.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें