
मध्यप्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हो रही निरंतर वृद्धि को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. कांग्रेस के द्वारा आज राजधानी भोपाल में दो अलग-अलग तरह से प्रदर्शन किए गए. युवा कांग्रेस ने हाथ ठेले पर बाइक रखकर विरोध जताया, तो कांग्रेस की भोपाल जिला इकाई ने टीटी नगर में धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया.
कांग्रेस में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हो रही लगातार वृद्धि के विरोध में प्रदेश और केन्द्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. मंगलवार को महिला कांग्रेस ने बैलगाड़ी पर सवार होकर विरोध जताया तो आज युवा कांग्रेस के कुणाल चौधरी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया. युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने हाथ ठेले पर बाइक को रखा और पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि का विरोध किया. चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने देश की जनता के साथ धोखा किया है. उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों से आम आदमी परेशान हो गया है.उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि पेट्रोल-डीजल को जीएसटी में शामिल किया जाए, जिससे जनता को इस महंगाई से राहत मिले.
युवा कांग्रेस के अलावा आज भोपाल जिला इकाई द्वारा भी विरोध प्रदर्शन किया गया. हाल ही में जिला अध्यक्ष बनाए गए कैलाश मिश्रा के नेतृत्व में यह प्रदर्शन किया गया. कांग्रेस की भोपाल जिला इकाई द्वारा टीटी नगर स्थित नानके पेट्रोल पंप पर आज यह प्रदर्शन किया गया. इस प्रदर्शन में मिश्रा के साथ पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष पी.सी.शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक जैन भाभा और अन्य कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे. कांग्रेस द्वारा पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हो रही वृद्धि के विरोध में अब कांग्रेस पूरी तरह से सड़क पर उतरकर विरोध करेगी. साथ ही यह विरोध प्रदर्शन राजधानी के अलावा पूरे प्रदेश में किया जाएगा.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें