बुधवार, 30 मई 2018

लोन दिलाने के नाम पर ठगे 50 लाख


राजधानी में एक बिल्डर्स को एक युवक ने बैंक कर्मचारी बताया और लोन दिलाने का आश्वासन देकर उसके खाते से 50 लाख 20 हजार रुपए निकाल लिए. बिल्डर्स को जब यह पता चला तो उसने थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस के अनुसार कोहेफिजा क्षेत्र में वीआईपी रोड पर रहने वाले जीसान अली पेशे से बिल्डर हैं. बैंक आते-जाते उनकी मुलाकात एच.एल. तिवारी नामक युवक से हुई. तिवारी ने खुद को सिंडीकेट बैंक का कर्मचारी बताया और जीसान से दोस्ती बढ़ाई. जब जीसान तिवारी से खुलकर बातें करने लगा तो तिवारी ने एक दिन उससे लोन दिलाने की बात कही. इस पर जीसान ने एक प्रोजेक्ट के लिए 25 करोड़ रुपए के लोन दिलाने की बात तिवारी से की. इस पर तिवारी ने कुछ कागजात उससे लिए. बाद में जीसान को बताया कि प्रोसेसिंग शुल्क के रुप में 2 लाख रुपए लग  जाएंगे. इस पर जीसान तैयार हो गया. बाद में तिवारी ने जीसान से दो ब्लेंक चैक भी लिए. इसके बाद वह जल्द लोन पास कराने का आश्वासन देता रहा. जब ज्यादा समय हो गया तो जीसान को चिंंता हुई. इस बीच जीसान के बैंक खाते से 50 लाख 20 हजार रुपए भी निकल गए. जीसान ने बैंक जाकर इसकी जानकारी ली तो पता चला कि उसने जो चैक दिए थे, उन्हीं चेकों से रुपए निकले हैं. इसके बाद जीसान ने तिवारी के खिलाफ थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई. जीसान ने शिकायत में बताया कि तिवारी से उसकी अधिकतर मुलाकात बैंक में ही हुआ करती थी. इस वजह से उसे विश्वास हो गया कि तिवारी बैंक का ही कर्मचारी है. तिवारी के अलावा उसके अन्य साथियों एन.कुमार, नरेन्द्र देव, जिग्नेश शाह पर भी जीसान ने आशंका जताई है कि वे भी उसके साथ इसी तरह लोगों को लूट रहे होंगे. पुलिस ने सभी के खिलाफ  मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. आरोपी फरार हैं.
छत पर सो रही नाबालिग से छेड़छाड़
राजधानी के बैरागढ़ थाना क्षेत्र में छत पर सो रही नाबालिग के साथ एक युवक द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है.पुलिस के अनुसार नाबालिग अपने परिवार के साथ बीती रात को छत पर सो रही थी. देर रात उसके भाई की तबीयत खराब हुई तो उसके माता-पिता उसे नीचे घर में ले गए, नाबालिग छत पर ही सो रही थी. इस दौरान पड़ौस में रहने वाले अजय नामक युवक ने नाबालिग के साथ छेड़छाड़ करन दी. नाबालिग ने जब इसका विरोध किया तो वह भाग गया. नाबालिग की आवाज सुन उसका पिता वहां आया, तब नाबालिग ने सारी बात बताई. बाद में थाने जाकर अजय के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें