नौ बैंक यूनियनों के आह्वान पर आज मध्यप्रदेश में भी बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहे. बैंक कर्मचारियों की दो दिवसीय हड़ताल के पहले दिन आज महाराणा प्रताप नगर में बैंक कर्मचारी एकत्रित हुए और रैली निकाली. इसके बाद रैली प्रेस काम्पलेक्स में सभा के रुप में परिवर्तित हो गई. बैंकों की हड़ताल का असर आज दिखाई भी दिया, लोग भटकते रहे.
राजधानी में आज सुबह से ही बैंक कर्मचारियों का महाराणा प्रताप नगर क्षेत्र में एकत्रित होने का सिलसिला शुरु हो गया है. करीब 10 बजे जब बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी एकत्रित हो गए, तो यहां से कर्मचारी रैली के रुप में निकले और प्रेस काम्पलेक्स में सभा की. यहां पर बैंक कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की. सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान वेतन समझौता नवंबर 2017 से लंबित है. बातचीत के 15 दौर हो चुके हैं. आखिरी दौर में बैंक प्रबंधन ने सिर्फ दो फीसदी वेतन वृद्धि का प्रस्ताव रखा.
राजधानी भोपाल में बैंकों की करीब 400 शाखाओं में बैंक का कामकाज प्रभावित रहा. दफ्तर सूने रहे और कामकाज बुरी तरह से प्रभावित रहा है. इससे करीब 3 लाख 74 हजार करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार प्रभावित होने का दावा किया जा रहा है. बैंक यूनियन नेताओं का दावा है कि प्रदेश में 4 हजार शाखाओं के करीब 40 हजार कर्मचारी, अधिकारी हड़ताल पर रहे, इससे करीब 3 लाख 74 हजार करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार प्रभावित होगा. वहीं, भोपाल में करीब 400 शाखाओं के कर्मचारी-अधिकारी हड़ताल पर रहे. बैंकों की इस हड़ताल के कारण बैंकों में ताले लटके रहे और लोग परेशान होते रहे. बैंक कर्मचारियों की हड़ताल कल गुरुवार को भी जारी रहेगी.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें