शनिवार, 3 फ़रवरी 2018

9 माह में किए 599 महिलाओं के बच्चेदानी के आपरेशन

 आपरेशन करने वाले चिकित्सकों की आयोग ने मांगी सूची
मानव अधिकार आयोग ने नरसिंहपुर जिले में 9 माह में 599 महिलाओं की बच्चेदानी के नियम विरुद्ध आपरेशन करने के मामले को गंभीरता से लिया है. आयोग ने चिकित्सा विभाग ने महिलाओं, जिनका आपरेशन किया गया, उनकी सूची मांगी है. साथ ही यह जानकारी भी मांगी है कि आपरेशन किन-किन चिकित्सकों द्वारा किया गया.
मानव अधिकार आयोग ने नरसिंहपुर जिला अस्पताल में डा. डी.पी. सिंह एवं डा. आर. के. सिंधई द्वारा 9 माह के भीतर 599 महिलाओं की बच्चेदानी का नियम विरूद्ध आपरेशन करने के मामले में संज्ञान लिया है. आयोग ने इस सिलसिले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, नरसिंहपुर से जानकारी चाही है कि दोषी चिकित्सकों ने जिन महिलाओं की बच्चेदानी के आपरेशन किए हैं. क्या उन पीड़ित महिलाओं को शासन से कोई मुआवजा राशि दी गई है. ऐसी पीड़ित महिलाओं की सूची और उनके आपरेशन करने वाले डाक्टरों के नाम की स्पष्ट जानकारी जांच प्रतिवेदन सहित आयोग को भेजी जाये. 
छात्र ने की खुदकुशी
आयोग ने मानिक लाल नाहर हायर सैकेंडरी स्कूल बरेली में अध्ययनरत दसवीं के छात्र आयुष धाकड़ द्वारा अपने सहपाठी छात्रों की मारपीट से दुखी होकर जहर खाकर आत्महत्या कर लेने की घटना पर संज्ञान लिया है. आयोग ने इस सिलसिले में पुलिस अधीक्षक रायसेन से प्रतिवेदन तलब किया है. 
 झोलाछाप ने ली किशोर की जान
आयोग ने भोपाल के नीलबड़ में एक झोलाछाप डा. आर.के. सेंगर द्वारा 16 वर्षीय किशोर नितिन विश्वकर्मा को लगाए गए इंजेक्शन से मृत्यु हो जाने की घटना पर संज्ञान लिया है. आयोग ने इस सिलसिले में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक भोपाल से प्रतिवेदन मांगा है. आयोग ने जानना चाहा है कि झोलाछाप डाक्टरों के विरूद्ध बार-बार शिकायतें प्राप्त होती हैं, उन पर क्या नियंत्रण तथा उचित वैधानिक कार्यवाही की जा रही है. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें