शनिवार, 24 फ़रवरी 2018

हाट-बाजारों में भी होगी गैस सिलेण्डरों की रिफलिंग

    मध्यप्रदेष के रायसेन जिले में उज्जवला योजना के तहत हितग्राहियों को गैस कनेक्शन वितरण, राशन वितरण तथा आधार सीडिंग के प्रगति की कलेक्टर भावना वालिम्बे द्वारा बैठक आयोजित कर समीक्षा की गई कलेक्टर श्रीमती वालिम्बे ने खाद्य अधिकारियों को जिले में नियमित राशन वितरण तथा निरीक्षण के दौरान शासकीय उचित मूल्य दुकानों के निरीक्षण के दौरान कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने प्रमुख हाट-बाजारों में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के हितग्राहियों के गैस सिलेण्डर की रिफलिंग करने के निर्देश एजेंसियों को दिए हैं.
    बैठक में कलेक्टर वालिम्बे ने जिले में सर्वे सूची के अनुसार शेष पात्र हितग्राहियों की वास्तविक संख्या या जानकारी एकत्र कर उन्हें गैस कनेक्शन दिलाया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में गैस कनेक्शनधारियों को गैस रिफिल कराने में किसी तरह की कोई कठिनाई न आए, इसके लिए प्रमुख हाट बाजारों में निर्धारित तिथियों में गैस एजेन्सियों को गैस रिफिल कराने के निर्देश दिए गए. इसके साथ ही प्रधानमंत्री उज्जवला कनेक्शनधारियों द्वारा लम्बे समय से गैस रिफिल नहीं कराने की जानकारी भी उपलब्ध कराने के लिए कहा गया. कलेक्टर वालिम्बे ने आधार सीडिंग में गति लाने के खाद्य अधिकारियों को निर्देश दिए. बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि विवाह के उपरांत जिले में आने वाली नववधुओं के आधार स्थानांतरित नहीं होने तथा नए आधार बन जाने के कारण आधार सीडिंग में कठिनाई आ रही है. कलेक्टर  वालिम्बे ने इस संबंध में खाद्य विभाग को शासन को पत्र लिखने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही हितग्राही के परिवार में किसी की मृत्यु होने तथा विवाहित होकर अन्यत्र जाने पर राशन कार्ड से नाम हटाने के लिए भी कहा गया. कलेक्टर वालिम्बे ने मार्च माह में होने वाली ग्राम सभाओं के हितग्राहियों के नाम के वाचन के भी निर्देश दिए. बैठक में जिला खाद्य अधिकारी श्री चेतराम कौशल ने खाद्य विभाग की गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी. बैठक में समस्त सहायक आपूर्ति अधिकारी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, गैस तथा पेट्रोलियम कम्पनी के क्षेत्रीय प्रबंधक एवं गैस एजेन्सी के प्रतिनिधि उपस्थित थे. निगरानी समितियों को सक्रिय करने के निर्देश कलेक्टर वालिम्बे ने गांव में बनी निगरानी समितियों को सक्रिय करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने निगरानी समिति द्वारा शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकान में राशन आने तथा वितरण का सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने निगरानी समिति के प्रमुख लोगों के नाम, मोबाईल एवं दूरभाष नम्बर की सूची तैयार करने के भी निर्देश दिए ताकि किसी भी गांव की राशन दुकान के खुलने तथा राशन वितरण के संबंध में जानकारी ली जा सके. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें