रविवार, 25 फ़रवरी 2018

बावरिया ने कहा चुनाव में युवा नेताओं को अवसर दें बुजुर्ग

कोलारस, मुंगावली में कांग्रेस की जीत का किया दावा 

मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी दीपक बावरिया ने कहा कि चुनाव में बुजुर्ग नेता युवाओं को अवसर दें. बावरिया ने कहा कि मुंगावली और कोलारस में भाजपा ने सभी तरह के हथकंडे अपनाए, फिर भी जीत कांग्रेस की होगी. कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग विभाग की बैठक में शामिल होने राजधानी पहुंचे प्रदेश प्रभारी बावरिया ने बैठक में शामिल होने के पहले पत्रकारों से चर्चा करते हुए एक बार फिर कहा कि बुजुर्ग नेताओं को अब युवाओं को अवसर देना चाहिए. उन्होंने कहा कि संगठन  में कई ऐसे बुजुर्ग पदाधिकारी हैं, जिन्होंने जीवन में सबकुछ पा लिया है. उन नेताओं से मैंने आग्रह किया है कि अब वे युवाओं को अवसर दें.उन्होंने कहा कि अगर मैंने ऐसा आग्रह किया तो उसमें कोई आपत्ति नहीं है. 60 वर्ष  की उम्र वालों को टिकट न देने के बयान को लेकर बावरिया ने कहा कि मैंने कहा 60 वर्ष की उम्र के बुजुर्गों से आग्रह किया है कि वे टिकट न लें और युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर दें. मैंने 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों से यह केवल आग्रह किया है. बावरिया ने कहा कोलारस और मुंगावली में हुए उपचुनाव के दौरान भाजपा ने कई तरह के हथकंडे अपनाए हैं, मगर जीत भाजपा की ही होगी. उन्होंने कहा कि कल सोमवार को कांग्रेस द्वारा राजधानी में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा. यह प्रदर्शन किसानों को लेकर किया जाएगा. बावरिया ने कहा कि प्रदर्शन में सभी वरिष्ठ नेता शामिल होंगे. चुनाव आयोग की भूमिका पर भाजपा द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए बावरिया ने कहा कि ये तो कुछ ऐसा हुआ, जैसे उल्टा चोर कोतवाल को डाटे. बावरिया ने आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों से चर्चा की. उन्होंने बैठक में जिला, शहर कांग्रेस अध्यक्षों के अलावा विधायकों, मोर्चा संगठनों, विभागों के प्रदेश और जिला अध्यक्षों से भी चर्चा की.इसके अलावा जिला  पंचायत, नगर पालिका और नगर पंचायत पदाधिकारियों से भी बावरिया ने आज चर्चा की.यादव ने किया जीता का दावा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने मुंगावली और कोलारस में कांग्रेस की जीत का दावा किया. उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए आरोप लगाए कि भाजपा ने गलत तरीके से चुनाव जीतने का पूरा प्रयास किया. उन्होंने आरोप लगाया कि ईवीएम और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी कर भाजपा चुनाव जीतना चाहती थी. यादव ने बावरिया के 60 साल की उम्र से अधिक के लोगों से चुनाव न लड़ने के आग्रह पर कहा कि इसका फैसला हाईकमान लेगा.  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें