गुरुवार, 22 फ़रवरी 2018

दिव्यांग महिला से बदसलूकी, अफसरों पर दर्ज हो एफआईआर

आम आदमी पार्टी की भोपाल जिला इकाई ने गुरुवार को महाराणा प्रताप नगर थाने जाकर इंडियन आॅयल कापोर्रेशन (आईओसी) में दिव्यांग महिला के साथ बदसलूकी के मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. पार्टी द्वारा पुलिस अधीक्षक के नाम एमपी नगर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा गया.
आम आदमी पार्टी की भोपाल इकाई ने आज महाराणा प्रताप नगर थाने पर प्रदर्शन किया. पार्टी कार्यकर्ताओं ने मांग की कि दिव्यांग महिला के साथ अभद्रता करने वाले अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज की जाए. आप ने कहा कि इस अभद्रता के चलते दिव्यांग महिला ब्रेन हेमरेज की शिकार हो गई और वह आज जीवन-मृत्यु से लड़ रही है. दिव्यांग कोमा में चली गई है.  प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के भोपाल जिला संयोजक और लोकसभा प्रभारी अवधेश पुरोहित ने कहा कि एक ओर मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार और केंद्र की मोदी सरकार दिव्यांगों के नाम पर बड़े-बड़े कार्यक्रम कर रही है. करोड़ों रुपए विज्ञापन पर खर्च किए जा रहे हैं. वहीं दूसरी ओर भोपाल में एक दिव्यांग महिला से आईओसी के अधिकारी बदसलूकी करते हैं और उसका मजाक उड़ाते हैं. जिसके कारण वह ब्रैन हैमरेज का शिकार हुई और अब आईसीयू में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है.
आप कार्यकर्ताओं ने बताया कि पूनम श्रोती पुत्री  राजेंद्र प्रसाद श्रोती, निवासी सी सेक्टर साकेत नगर, भोपाल एक दिव्यांग महिला हैं. उन्होंने इंडियन आॅयल कार्पोरेशन (आईओसी) की ओर से  29 अगस्त 2017 को गैस एजेंसी हेतु निकाले गए विज्ञापन के तहत टीकमगढ़ ग्राम पंचायत अस्तौन खास के लिए आवेदन किया था. आईओसी ने इस विज्ञापन के संबंध में 26 लोगों को प्राथमिक तौर आवेदन हेतु पात्र पाया था. इनमें प्रार्थी पूनम श्रोती का नाम भी शामिल था. लाटरी से निकाले गए ड्रा में भी प्रार्थी पूनम श्रोती का नाम आया था. इसके बाद आईओसी की सभी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए प्रार्थी से तय शुल्क और संबंधित कागजात भी जमा कराए गए. 
मैनेजर ने की अभद्र टिप्पणी  
29 जनवरी  को बिना किसी पूर्व सूचना के पूनम श्रोती की डिस्ट्रीब्यूटरशिप निरस्त कर दी गई. इसके बाद पूनम  अपने भाई के साथ संबंधित अधिकारी इंडियन आॅयल के जनरल मैनेजर  विजय कुमार और एरिया मैनेजर सुकल साई से मिलीं. इस दौरान उक्त अधिकारियों ने पूनम जी के दिव्यांग होने पर अभद्र टिप्पणी की गई और शारीरिक बुनाबट का मजाक उड़ाया गया. इसके बाद उन्हें वहां से जाने के लिए कह दिया गया. इससे पूनम मानसिक रूप से तनाव में थीं. इसी तनाव के चलते 6 फरवरी  को उन्हें ब्रेन हैमरेज हो गया और वह कोमा में चली गई. फिलहाल वे भोपाल स्थित बंसल अस्पताल के आईसीयू में जिंदगी और मौत से लड़ रही हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें